पति को बाजार में चकमा देकर उसके दोस्त के साथ भागी दो बच्चों की मां, पांचवें दिन आगरा में पकड़ी
पांच दिन पहले एटा के जलेसर से गायब हुई थी महिला स्वजन ने लिखाया था मुकदमा। दोनों ने भागकर बरहन में ले लिया था कमरा किराए पर। सर्विलांस टीम लगी थी लोकेशन पता करने में। मंगलवार सुबह महिला और उसके पति के दोस्त को ले लिया हिरासत में। पूछताछ जारी।
आगरा, जागरण संवाददाता। एटा के जलेसर की एक महिला की दोस्ती पति के दोस्त से हो गई। बंदिशों के बाद भी दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाईं। महिला अपने पति को बाजार में चकमा देकर उसके दोस्त के साथ भाग गई। मंगलवार को पुलिस ने बरहन से उसे बरामद कर लिया। युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जलेसर क्षेत्र की महिला की दस वर्ष पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। घर में पति के दोस्त का पांच वर्ष से आना-जाना था। दोनों में नजदीकियों की भनक स्वजन को भी लग गईं। इसके बाद महिला के पति ने अपने दोस्त के घर आने का विरोध करना शुरू कर दिया। दोनों के बीच फोन पर भी बात होती थीं। चार जून को महिला पति के साथ सहपऊ बाजार में गई थी। उसने पति से परचून का सामान लेने को कह दिया। खुद थोड़ी दूरी पर खड़ी रह गई। वहां से वह पति के दोस्त के साथ भाग गई। दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गई। पति ने काफी तलाश की, लेकिन उसके बारे में जानकारी नहीं हुई। इसके बाद महिला के पति ने थाना सहपऊ में मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस सर्विलांस की मदद से दोनों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस को सुराग मिला कि वे दोनों बरहन में ठहरे हैं। इसके बाद पुलिस बरहन थाने पहुंच गई। बरहन पुलिस की मदद से महिला और युवक को एक घर से पकड़ लिया। वे चार दिन पहले बरहन में पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक घर में किराए पर कमरा लिया था। पुलिस अभी दोनों से पूछताछ कर रही है।