आगरा में 200 किलोग्राम चांदी लूटने वाले बदमाश, आए भी चोरी की कार से थे
घटनास्थल से दस किलोमीटर दूर ताजगंज क्षेत्र में लावारिस छोड़कर दूसरी कार भागे। गुरुग्राम से चोरी की गई कार से दिया था वारदात को अंजाम। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के भागने की दिशा पता कर रही है पुलिस।
आगरा, जागरण संवाददाता। सदर क्षेत्र से कूरियर कंपनी के कर्मचारियों से दिनदहाड़े दो सौ किलोग्राम चांदी लूटने के लिए बदमाश चोरी की कार से आए थे। घटनास्थल से दस किलोमीटर की दूरी पर बदमाश उसे छोड़कर दूसरी कार से भाग गए।यहां से से किस कार से भागे हैं? अभी पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई है। इसके लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
धौलपुर में बसेड़ी के रेविया पुरा गांव के रहने वाले शंकर परमार की साईं नाथ एक्सप्रेस कुरियर कंपनी का बमरौली अहीर रोड पर रोहता में गोदाम है। बुधवार दोपहर कुरियर कंपनी के कर्मचारी आकाश और राघवेंद्र स्विफ्ट डिजायर कार में दो सौ किलोग्राम चांदी लेकर नमक की मंडी स्थित सराफा बाजार के लिए निकले थे। गोदाम से दो सौ मीटर दूर पहुंचते ही होंडा अमेज कार से आए चार बदमाशों ने उनसे दो सौ किलोग्राम चांदी लूट ली। अपनी कार में चांदी रखकर बदमाश भाग गए थे।पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च आपरेशन चलाया। घटना के बाद पुलिस को बदमाशों की होंडा अमेज कार ताजगंज क्षेत्र के एक गांव में मिल गई। नंबर के आधार पर जानकारी की गई तो पुलिस को पता चला कि जिस होंडा अमेज कार से बदमाशों ने वारदात की, वह गुरुग्राम से चाेरी की गई थी। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पुलिस से बचकर भागने को पहले से ही दूसरी कार का इंतजाम कर रखा था। जिस स्थान पर होंडा अमेज कार मिली, वहां कार पहले से ही खड़ी की गई होगी। यहां से वे चांदी इस कार में रखकर भाग गए। यहां से बदमाश शहर के बाहरी इलाके में होकर आगरा-दिल्ली हाईवे पर भी पहुंच सकते हैं और शमसाबाद होकर राजाखेड़ा धौलपुर की ओर भी निकल सकते हैं। इसलिए पुलिस दोनों ओर के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
कुरियर कंपनी में हैं 14 कर्मचारी
वारदात के बाद पुलिस ने कुरियर कंपनी के कर्मचारियों के बारे में जानकारी की। क्योंकि घटना में किसी करीबी के होने की आशंका जताई जा रही थी। कुरियर कंपनी में कुल 14 कर्मचारी हैं। अधिकतर कर्मचारी कुरियर कंपनी के मालिक के गांव के आसपास के ही रहने वाले हैं। सभी विश्वासपात्र हैं। पुलिस ने पूर्व में कंपनी में काम कर चुके कर्मचारियों और निकाले गए कर्मचारियों की भी सूची तैयार की है। ये वर्तमान में कहा हैं और घटना वाले दिन कहां थे? इसकी भी पुलिस जानकारी कर रही है।
पेशेवरों की भी जानकारी कर रही पुलिस
कुरियर कंपनी का बमरौली अहीर के पास गोदाम है। यहां कई पेशवर बदमाश भी रहते हैं। पूर्व में कई बड़ी घटनाओं में उनके नाम सामने आ चुके हैं। ये बदमाश अभी जेल में हैं या बाहर हैं? इसकी भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।कई बदमाश अभी जेल में बंद हैं।
चार दिन से रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस को छानबीन में पता चला है कि बदमाश तीन-चार दिन से रेकी कर रहे थे।इसलिए यह भी माना जा रहा है कि बदमाश ताजगंज या सदर क्षेत्र में ही कहीं शरण लेकर रहे होंगे। गोदाम से कुरियर कंपनी की एक और गाड़ी थोड़ी देर पहले चांदी लेकर मथुरा के लिए निकली थी। इसमें सिक्योरिटी गार्ड था। इस गाड़ी को बदमाशों ने निशाना नहीं बनाया।