Fire in Factory: कारखाना निदेशक कार्यालय से जांच समिति को शू मैटेरियल फैक्ट्री का नक्शा मिला
सिकंदरा में शू और कैमिकल फैक्ट्री में लगी आग की जांच में जुटी समिति के हाथ लगे हैं जरूरी दस्तावेज। प्रारंभ्ािक जांच में फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही आ रही सामने। अब तलाशा जा रहा फैक्ट्री का साइट प्लान।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा हाईवे स्थित शू मैटेरियल और केमिकल फैक्ट्री में सात सितंबर को हुए भीषण अग्निकांड की जांच कर रही समिति को प्रारंभिक जांच में वहां कई अनिमिताएं मिली हैं। केमिकल फैक्ट्री के चारों ओर खुला स्थान होना चाहिए था। मगर, केमिकल फैक्ट्री सिर्फ दो तरफ ही खुली जगह थी। एक ही परिसर में चल रही दोनों फैक्ट्री में रख-रखाव की स्थिति भी सही नहीं थी। समिति को केमिकल से भरे हुए ड्रम शू मैटेरियल वाले हिस्से में रखे मिले।
वहीं कारखाना निदेशक कार्यालय द्वारा शू मैटेरियल फैक्ट्री का नक्शा जांच समिति को उपलब्ध करा दिया है। अब विस्फाेटक विभाग से केमिकल फैक्ट्री के साइट प्लान मिलने का इंतजार है। समिति को साइट प्लान से यह पता लग सकेगा कि फैक्ट्री में केमिकल के भंडारण को किन शर्तों के साथ अनुमति दी गयी थी। वह इन शर्तों का कितना पालन किया जा रहा था। विस्फोटक विभाग केमिकल फैक्ट्री के साइट प्लान और अनापत्ति पत्र की फाइल को अपने रिकार्ड में देख रहा है।
समिति के जांच के मुख्य बिंदु
1- कौन-कौन से केमिकल का कितनी मात्रा में भंडारण था।
2- क्या फैक्ट्री की इमारत का नक्शा पास था।
3- क्या केमिकल कारोबार का लाइसेंस था।
4- विभाग ने कितनी क्षमता के भंडारण का लाइसेंस दिया था।
5- अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र कब लिया था।
6- विभाग से केमिकल कारोबार के लाइसेंस का नवीनीकरण कब कराया गया।
7- फैक्ट्री में आग से बचाव के क्या इंतजाम थे।
8- फैक्ट्री परिसर में कितनी फर्म चल रही थीं।
9- क्या श्रमिकों को केमिकल के काम से संबंधित प्रशिक्षण दिया था।
समिति को प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री परिसर में कई चीजें अनियमित मिली हैं। शू मैटेरियल फैक्ट्री का नक्शा जांच समिति को मिल गया है। विस्फोटक विभाग ने भी जल्द ही केमिकल फैक्ट्री का साइट प्लान जल्द उपलब्ध कराने की कहा है। साइट प्लान मिलने पर केमिकल फैक्ट्री की अनियमितताओं की विस्तृत जांच आगे बढ़ेगी।
योगेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व