KBC 2021: अमिताभ बच्चन के सामने केबीसी की Hot Seat पर होंगी आगरा की हिमानी बुंदेला
30 अगस्त की रात नौ बजे होगा एपीसोड का प्रसारण। 15 साल की उम्र में गवां चुकी हैं आंखों की रोशनी फिर भी नहीं टूटा हौंसला। पेशे से गणित शिक्षिका हैं हिमानी बुंदेला। बचपन से ही था टीवी पर आने का शौक। शहर के लोग हैं एपिसोड देखने को उत्साहित।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के केंद्रीय विद्यालय नंबर एक की गणित शिक्षिका हिमानी बुंदेला कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) 13 में अमिताभ बच्चन के सामने हाट सीट पर बैठेंगी। एपिसोड का प्रसारण 30 अगस्त को होगा, जिसे लेकर हिमानी और उनके स्वजन बेहद उत्साहित हैं।
हिमानी बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही टीवी पर आने का शौक था। नौ वर्ष से वह केबीसी में शामिल होने का सपना देखती थीं। वह स्वजन से कहती थीं कि वह केबीसी में जाएंगी और अमिताभ बच्चन से मिलेंगी। वह स्वजन व पारिवारिक दोस्तों के साथ घर पर ही केबीसी खेलती थीं और अमिताभ बच्चन की भूमिका निभाती थीं। परिवार में पिता विजय सिंह बुंदेला, मां सरोज बुंदेला, बहन चेतना सिंह बुंदेला, भावना बुंदेला, पूजा बुंदेला और भाई रोहित सिंह बुंदेला हैं।
सपना हुआ पूरा
हिमानी पिछले चार-पांच वर्ष से केबीसी में पंजीकरण करा रही थीं। अप्रैल-मई 2021 में उन्हें केबीसी में प्रतिभाग करने के लिए फोन आया, तो पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ और फेक काल के डर से उन्होंने दो बार फोन काट दिया। तीसरी बार में बात की। लेकिन मुझसे ऐसी कोई जानकारी नहीं मांगी गई, जिससे कुछ गलत होने का शक हो। मैंने प्रक्रिया पूरी की, तो चयन का विश्वास हो गया।
हिमानी हैं हौसले की मिसाल
हिमानी के हौसले चट्टान जैसे मजबूत है। वह डाक्टर बनना चाहती थीं लेकिन 15 वर्ष की उम्र में एक हादसे में उनकी आंखों की रोशनी चली गई। हादसे के बाद यह सपना टूटता दिखा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। अवसाद से उबरने में परिवार ने बहुत मेहनत की। बाद में उन्होंने ह्यूमिनिटी से ग्रेजुएशन की और बीएड करने के बाद मेहनत के दम पर केंद्रीय विद्यालय में चयन पाया।
स्कूल में कराती हैं प्रतियोगिता
हिमानी को केबीसी का इतना शौक है कि वह इस क्विज कांपिटिशन की शुरुआत केंद्रीय विद्यालय में कराना शुरू किया। इसे उन्होंने कौन बनेगा केंद्रीय विद्यालय चैंपियन नाम दिया, जिसमें विद्यार्थी काफी उत्साह से प्रतिभाग करते हैं।