नंदोत्सव में भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
कमला नगर स्थित सिधु भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा
आगरा, जागरण संवाददाता। कमला नगर स्थित सिधु भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में रविवार को नंदोत्सव में गोकुलधाम जैसा माहौल हो गया। नंद के आनंद भए, जय कन्हैया लाल की.. जैसे बधाई गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। कथा व्यास स्वामी शतानंद महाराज ने वामन अवतार, श्रीराम जन्म व श्रीकृष्ण जन्म का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि नंदोत्सव ऐसा महान उत्सव है जो नित्य ही भगवान के प्यारे भक्त अपने ही मनमंदिर में मनाते हैं। नंदोत्सव में सभी ने जम कर नृत्य किया। माखन मिश्री का भोग लगा कर भक्तों को वितरित किया गया। कथा के मुख्य यजमान मोतीलाल गर्ग एवं विमलेश अग्रवाल व दैनिक यजमान शैलेश अग्रवाल और सीमा अग्रवाल रहे। सोमवार को गोवर्धन पूजा व बाल लीलाओं का वर्णन किया जायेगा। नीरज जयसवाल, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, रजनी अग्रवाल, आरती अग्रवाल, सुभाष चंद गुप्ता, केपी सिंह यादव, राजेश जैसवाल, केशव अग्रवाल, संतोष मित्तल, आरसी अग्रवाल, आदित्य राज शर्मा आदि ने कथा का आनंद लिया।