Accident on Yamuna Expressway: ट्रैवलर पलटने से राजस्थान के दस लोग घायल, चार गंभीर Agra News
मथुरा के सुरीर क्षेत्र में हुआ हादसा। देहरादून से सवाई माधौपुर लौट रहे थे सवार।
आगरा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रही ट्रैवलर गाड़ी मथुरा के सुरीर क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में ट्रैवलर सवार दस लोग घायल हो गए, जिनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। ट्रैवलर में सवार लोग देहरादून में शादी का रिश्ता पक्का कर सवाई माधोपुर लौट रहे थे।
यमुना एक्सप्रेस वे पर फोर्स ट्रैवलर गाड़ी आरजे 14 टीई 7265 शनिवार तड़के नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 81 के समीप सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक अनियंत्रित होने पर डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर पलट गई। जिससे उसमें सवार पूरन सिंह, शंभु दयाल, केशव, रामचरन, गोदावरी, मनवर, शिवांशु, गिरधारी, कमला देवी व केशव निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान घायल हो गए। हादसे में घायल लोग मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगे। सूचना पर पीआरवी 1877, सुरीर पुलिस व एक्सप्रेस वे कर्मी एंबुलेंस लेकर पहुंच गए। ट्रैवलर में फंसे घायलों को बाहर निकालने के बाद उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेज दिया। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। ट्रैवलर सवार भोजराज शर्मा ने बताया कि गाड़ी में चालक समेत 13-14 लोग सवार थे। जिनमें महिला और बच्चे भी शामिल हैं। सभी लोग देहरादून में एक शादी का रिश्ता पक्का कर वापस लौट रहे थे। सड़क पर आए जानवर से बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होने पर डिवाइडर में टकरा कर पलट गई थी।