सामान्य से कम तापमान बढ़ा रहा गलन, जानिए कैसा रहेगा आज मौसम Agra News
शीतलहर के चलते बढ़ रही गलन धूप में भी नहीं मिली राहत। बुधवार दोपहर बादल छाने की संभावना।
आगरा, जागरण संवाददाता। इस बार ताजनगरी का मौसम पहाड़ों जैसा है। दिन में धूप निकलने से राहत और सूरज छिपते ही गलन का अहसास। गलन भरी सर्दी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार दोपहर के बाद बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार दोपहर के बाद बादल छाएंगे। 12 और 13 दिसंबर को बूंदाबांदी हो सकती है, इससे तापमान में गिरावट आएगी। 14 दिसंबर से बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी। फिलहाल कोहरा छाने के आसार भी नजर नहीं आ रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को सुबह हल्की धुंध थी। सुबह नौ बजे के बाद धूप तेज होती गई, इसके साथ ही सर्द हवा चलती रहीं। दोपहर 12 से दो बजे तक धूप निकली लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम को सर्द हवा तेज हो गईं, अधिकतम आर्द्रता 97 फीसद तक पहुंच जाने से लोग सर्दी में ठिठुरते रहे। रात को शीत लहर चली। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 23.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.4 डिग्री रहा।
धुंध के चलते ट्रेनें लेट
सर्दी में सुबह की धुंध ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। इससे ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गतिमान और शताब्दी जैसी ट्रेनें भी देरी से आईं। पिछले एक सप्ताह से सुबह धुंध होने के कारण ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ा है। सुबह के समय चलने वाली ट्रेनें धुंध के कारण देरी से चल रही हैं। मंगलवार को दिल्ली से झांसी जाने वाली गतिमान एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं, भोपाल शताब्दी 40 मिनट और ताज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से आई। दिल्ली की ओर जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस निर्धारित समय से पांच घंटा लेट आई, वहीं दिल्ली से चलने वाली महाकौशल भी करीब तीन घंटे की देरी से थी।
यह ट्रेनें रही लेट
दिल्ली से आने वाली गाड़ी
12002 - शताब्दी एक्सप्रेस - 40 मिनट
12138 पंजाब मेल - 54 मिनट
12646 मिलेनियम एक्सप्रेस- 58 मिनट
22416 आंध्रा एक्सप्रेस- 1.38 मिनट
12280 ताज एक्सप्रेस - 1.30 मिनट
12050 गतिमान एक्सप्रेस - 29 मिनट
दिल्ली की ओर जाने वाली
12403 जयपुर -इलाहाबाद एक्सप्रेस -1.50 मिनट
22221 मुंबई राजधानी - एक घंटा
12189 महाकौशल एक्सप्रेस - पांच घंटा
12715 सचखंड एक्सप्रेस - 59 मिनट