धूप में उतारने पड़े गर्म कपड़े, रात में सर्द हवा कर रही परेशान Agra News
ताजनगरी में अधिकतम तापमान 23 डिग्री से ऊपर पहुंचा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक पहुंचा। आज छा सकते हैं बादल।
आगरा, जागरण संवाददाता। मौसम का मिजाज बदल रहा है। रात और सुबह सर्द हवा से ठिठुरन है। वहीं धूप निकलने के बाद गर्माहट इतनी है कि जैकेट और स्वेटर उतारने पड़ रहे हैं। गलती अगर यह कर बैठे कि शाम होने से पहले यदि गर्म कपड़े नहीं पहने तो बीमार पड़ना तय है। बदलते मौसम के चलते सर्दी, जुकाम और बुखार की शिकायत भी हो रही है।
मंगलवार को सुबह ओस से भीगी रही, लेकिन आठ बजे के करीब ही अच्छी धूप निकलने लगी। हालांकि सोमवार को भी सुबह से धूप के तेवर सख्त होते गए थे, दोपहर एक बजे के बाद तेज धूप में लोगों को गर्म कपड़े उतारने पड़े। गर्मी का अहसास होने लगा, कार्यालय में पंखे चलाने पड़े। दोपहर दो बजे के करीब कुछ देर के लिए बादल छा गए। तीन बजे तक तेज धूप निकली। शाम को मौसम का मिजाज बदल गया, अधिकतम आद्र्रता 100 फीसद तक दर्ज की गई। रात में सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ गई। अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.4 डिग्री रहा।
छाएंगे बादल, 30 को कोहरा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 जनवरी को बादल छा सकते हैं, 29 को भी बादल छाए रहने की आशंका है। 30 और 31 जनवरी को कोहरा छा सकता है। इससे न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा। अधिकतम तापमान 19 से 22 डिग्री तक रह सकता है।
स्कूलों ने बदला समय
अब तक आगरा में स्कूलों का समय सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक का चल रहा था। 23 जनवरी से धूप अच्छी निकलने के चलते अब दिन में गर्माहट महसूस हो रही है। इसके चलते कांवेंट स्कूलों ने समय में परिवर्तन शुरू कर दिया है। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज ने सोमवार से स्कूल का समय आधा घंटा पहले करते हुए सुबह 8:30 बजे से कर दिया है।
बच्चे हो रहे बीमार
सुबह ठंडक के बीच बच्चे स्कूल जा रहे हैं और छुट्टी होने के समय तक गर्मी हो रही है। ऐसे में बच्चे कोट और स्वेटर उतारकर घर पहुंच रहे हैं। मौसम के बदलाव में इस समय बच्चों को जुकाम और बुखार की शिकायत हो रही है। परिजन परेशान हैं कि फाइनल एग्जाम नजदीक हैं और बच्चे बीमार।