Agra Lockdown Update Day 17: आज से शुरू हो रही टेली मेडिसिन सेवा, घर बैठे लें लाभ
आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में सप्ताह में छह दिन सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक मिलेगी सुविधा
आगरा, जागरण संवाददाता। लॉकडाउन में लोगों की सुविधा के लिए आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट ने एक और कदम उठाया है। शुक्रवार से टेली मेडिसिन की सुविधा शुरू होने जा रही है। यह सप्ताह में छह दिन मिलेगी जिसमें लोग डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। इसका कोई भी शुल्क नहीं रखा गया है। हालांकि इसकी निर्धारित लिंक पर एडवांस बुकिंग करनी होगी। टेली मेडिसिन से डॉक्टर 15 मिनट तक परामर्श देंगे।
नगर निगम में 253 करोड़ से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। आगरा स्मार्ट सिटी लि. द्वारा अब तक आगरा लॉकडाउन मानीटङ्क्षरग एप, होम डिलीवरी और चेक योर हेल्थ एप को शुरू किया गया है। अब शुक्रवार सुबह दस बजे से टेली मेडिसिन की सुविधा शुरू की जाएगी।
स्मार्ट सिटी के सीईओ अरुण प्रकाश ने बताया कि निर्धारित लिंक पर क्लिक करते ही परामर्श संबंधी जानकारी मांगी जाएगी। फिर तारीख और टाइम स्लॉट आवंटित किया जाएगा। निर्धारित तारीख पर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से एक मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें संबंधित व्यक्ति को डॉक्टर से परामर्श की याद दिलाई जाएगी। 15 मिनट तक संबंधित व्यक्ति डॉक्टर से फ्री में परामर्श ले सकेगा। यहां तक दवाओं का पर्चा भी अपलोड किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार से शनिवार तक सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक अप्वाइंटमेंट और परामर्श मिलेगा। स्मार्ट हेल्थ सेंटर की मदद से दवाओं की होम डिलीवरी भी होगी। उधर, गुरुवार को कमांड सेंटर से टेली मेडिसिन का ट्रायल किया गया। डॉ. डीएन त्रिपाठी ने परामर्श दिया।
एचटीटीपीएस:// टीआइएनवाईयूआरएल डॉट कॉम / ईडीओसीटीओआरएपीपी
स्मार्ट हेल्थ सेंटर दे रहा लाभ
नगर निगम परिसर में शुरू किया गया स्मार्ट हेल्थ सेंटर बड़े पैमाने पर नागरिकों को सुविधाएं दे रहा है। जनरल स्वास्थ्य चेकअप के साथ चश्मे बनवाने की सुविधा भी यहां हैं। साथ ही बीपी तथा डायबिटीज जैसे टेस्ट भी आसानी से कराए जा सकते हैं।