27 काेे बना रहे हैं ताज भ्रमण का प्रोग्राम तो पहले पढ़ लें ये खबर, इस वक्त रहेगा बंद Agra News
ब्राजील के राष्ट्रपति की विजिट के चलते दोपहर तीन से पांच बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा ताज।
आगरा, जागरण संवाददाता। 27 जनवरी (सोमवार) को आगरा आ रहे ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो ताजमहल में 50 मिनट रुकेंगे। वो सोमवार दोपहर तीन बजे विशेष विमान से आगरा पहुंचेंगे। करीब तीन घंटे तक आगरा में रुकने के बाद वो लौट जाएंगे। राष्ट्रपति के भ्रमण के चलते ताजमहल आम पर्यटकों के लिए दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक के लिए बंद रहेगा।
जायर बोलसोनारो अपनी दो बेटियों के साथ सोमवार को ताज देखने दिल्ली से आगरा आएंगे। तीन बजे खेरिया एयरपोर्ट आने के बाद वो शाम चार बजे ताजमहल पहुंचेंगे। ताज में 50 मिनट रुकेंगे। शाम छह बजे वो यहां से सीधे नैरोबी के लिए उड़ान भरेंगे। ब्राजील की एडवांस टीम पूर्व में ही सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए विजिट कर गई थी।
बंद होगा ताज
राष्ट्राध्यक्षों की विजिट के दौरान ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहता है। ब्राजील के राष्ट्रपति की विजिट के दौरान भी ताजमहल बंद रहेगा। दोपहर तीन बजे से शाम पांच तक के लिए , जिससे दोपहर बाद या शाम को आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।