Tajmahal Unlocked: ताजमहल हो गया अनलॉक, विदेशी पर्यटकों के दिल से नहीं गया कोरोना वायरस का डर
Tajmahal Unlocked कोरोना काल में ऑफ सीजन में 129 विदेशी पर्यटकों ने देखा ताजमहल। ऑफ सीजन में केवल नौ दिन खुल सका ताजमहल। पर्यटन सीजन में ही बंद हो गए थे सभी स्मारक। इस साल घरेलू पर्यटकों का ही आसरा।
आगरा, निर्लोष कुमार। वर्ष 2020 में ताजनगरी के पर्यटन का ऑफ सीजन बुधवार को बीत गया। देश का पर्यटन जिस ताजमहल के इर्द-गिर्द घूमता है, वो ऑफ सीजन में केवल नौ दिन ही खुल सका। नौ दिन में 129 विदेशी पर्यटकों और 18524 भारतीय पर्यटक ही ताज देखने आए, जबकि ताजमहल देखने प्रतिदिन औसतन इससे अधिक पर्यटक आते हैं। आगरा किला 10 दिन और अन्य स्मारक एक माह खुले। कोरोना काल में खोले गए स्मारकों में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लागू की गईं सुरक्षा पाबंदियां पर्यटन सीजन में भी लागू रहेंगी।
ताजनगरी में पर्यटन सीजन अक्टूबर से मार्च तक रहता है। अप्रैल से सितंबर तक का समय ऑफ सीजन कहा जाता है। इस दरम्यान ताजनगरी में तापमान अधिक रहने से यहां पर्यटक कम आते हैं, जबकि अक्टूबर से मार्च तक मौसम अनुकूल रहने से यहां आने वाले भारतीय और विदेशी दोनों पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। ताजनगरी में इस वर्ष कोरोना के चलते पर्यटन सीजन बीच में ही खत्म हो गया था। 31 मार्च तक चलने वाला पर्यटन सीजन 17 मार्च की सुबह स्मारकों को बंद किए जाने से 16 मार्च तक ही सीमित रह गया था। ताजनगरी में ऑफ सीजन के अप्रैल से अगस्त तक पांच माह स्मारक बंद रहे। 168 दिन की बंदी के बाद ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर अन्य स्मारक फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग और मरियम टॉम्ब एक सितंबर को खुले थे। आगरा ही नहीं, पूरे देश का पर्यटन ताजमहल पर केंद्रित रहता है। ताजमहल और आगरा किला 188 दिनों की बंदी के बाद 21 सितंबर को खोला गया। इससे ऑफ सीजन में ताजमहल नौ दिन (शुक्रवार की साप्ताहिक बंदी को जोड़ते हुए) ही खुला। कोरोना काल में खुले स्मारकों में कैरिंग कैपेसिटी लागू की गई है, जो कि गुरुवार से शुरू होने जा रहे पर्यटन सीजन में भी लागू रहने वाली है। एक दिन में अधिकतम पांच हजार पर्यटक ताजमहल, अधिकतम 2500 पर्यटक आगरा किला और अधिकतम दो हजार पर्यटक अन्य स्मारक निहार सकेंगे।
ताजमहल पर अॉफ सीजन की तुलनात्मक स्थिति
भारतीय पर्यटक
माह, 2019, 2020
अप्रैल, 327683, -
मई, 387013, -
जून, 445878, -
जुलाई, 362024, -
अगस्त, 400891, -
सितंबर, 371179, 18524
विदेशी पर्यटक
माह, 2019, 2020
अप्रैल, 58418, -
मई, 31161, -
जून, 26259, -
जुलाई, 36799, -
अगस्त, 51109, -
सितंबर, 55456, 129
नोट: सितंबर 2020 के आंकड़े 21 से 30 सितंबर तक के हैं।