Donald Trump India Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए सज-धज कर तैयार हो रहा ताज Agra News
ताजमहल में की जा रही सफाई शुक्रवार तक हो पाएगी पूरी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण अपने सभी काम पूरा करेगी। स्मारक में चल रहा है संरक्षण और केमिकल क्लीनिंग।
अागरा, जागरण संवाददाता। दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर ताजमहल भी सज-धज कर तैयार हो रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विजिट को ताज को चमकाने में जुटा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) शुक्रवार तक सभी काम कर लेगा। मेहमानखाना और पूर्वी नौबतखाना पर बंधी पाड़ को खोलना शुरू कर दिया गया है। वहीं, मुख्य मकबरे और अन्य जगहों पर रसायन शाखा का साइंटिफिक क्लीयरेंस का काम जारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति की विजिट के लिए एएसआइ द्वारा ताज में संरक्षण के कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जा रहा है। सेंट्रल टैंक के पास वाटर चैनल में खराब पत्थर बदले गए हैं। रॉयल गेट पर भी खराब पत्थरों की जगह नए पत्थर लगाए गए हैं। ट्रंप की विजिट के चलते बुधवार से मेहमानखाना व पूर्वी नौबतखाना पर बंधी पाड़ को खोलना शुरू कर दिया गया। पाड़ आधी खोल ली गई है। इसे शुक्रवार तक पूरा कर लिया जाएगा। उधर रसायन शाखा ने शाहजहां व मुमताज की कब्रों पर लगाए गए मडपैक ट्रीटमेंट को बुधवार को हटा दिया। गुरुवार को उनकी धुलाई की जाएगी। मुख्य मकबरे के चारों ओर पच्चीकारी व कार्विंग वाले हिस्सों की रसायन शाखा द्वारा केमिकल क्लीनिंग की जा रही है। वीडियो प्लेटफार्म के पत्थरों की भी केमिकल क्लीनिंग की गई है।
अमेरिकी एडवांस टीम ने की विजिट
अमेरिकी एडवांस टीम ने लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह ताज की विजिट की। टीम सुबह 10 बजे के करीब ताजमहल पहुंची। मंगलवार की भांति उसने पूरे रूट को दोबारा देखा। मुख्य मकबरे तक सुरक्षा इंतजामों के साथ ही की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई। टीम करीब डेढ़ घंटा स्मारक में रही। सीआइएसएफ कमांडेंट ब्रजभूषण, संरक्षण सहायक अंकित नामदेव, तनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।
पूरे शहर में अलग ही माहौल
इस समय आगरा का हर नागरिक ट्रंप के आने पर आभार व्यक्त करता नजर आ रहा है। दरअसल बात ही ऐसी है। जो कार्य बरसों से नहीं हुए, वे अब हो रहे हैं। कभी बजट का रोना रहता था, कभी टेंडर का न होना। लेकिन जब से ट्रंप के आगरा आने का कार्यक्रम आया तो सारे बहाने दूर हो गए। पेड़ भी धुल रहे हैं, सड़कें भी चमक रही हैं। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें सही हो रही हैं और उनके साथ नई भी लग रही हैं। पान की पीकों और गंदगी के निशानाेें को मिटाने के लिए रंगाई पुताई भी चल रही है। नालों की तलीझाड़ सफाई हो रही है और पूरा सरकारी अमला सड़क पर जुटकर व्यवस्थाएं संभाल रहा है। इसे देख आगरा का हर नागरिक यही कामना करता नजर आ रहा है कि काश...ट्रंप हर महीने आगरा आएं।