बोले स्वतंत्र देव सिंह, अपराधियों की सिफारिश से करें परहेज Agra News
कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने दी नसीहत। राष्ट्र की आकांक्षाओं पर खरा उतर रही हैैं केंद्र और राज्य सरकार।
आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों को नसीहत दी कि दुष्कर्मियों, भूमाफियाओं, दहेज लोभियों सहित दूसरों की सिफारिश से परहेज करें। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सोमवार को वे पहली बार आगरा आए थे।
प्रदेशाध्यक्ष एवं परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने होटल एवरग्रीन में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में कहा कि बुजुर्ग़ कार्यकर्ताओं को विशेष महत्व दिया जाए। कार्यक्रमों में पहुंचने पर उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मित्रवत व्यवहार करने की बात कही। साथ ही अगर कोई गड़बड़ कर रहा है, तो उसकी शिकायत उचित मंच पर पहुंचाई जाए।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है। उनके उपचार से लेकर शौचालय तक की व्यवस्था की जा रही है। किसानों का कर्ज माफी और सम्मान निधि खेतों तक खुशहाली पहुंचा रही है। कांवड़ यात्रा पर पुष्प वर्षा सूबे के बेहतर माहौल का उदाहरण है।
धारा 370 के मुद्दे पर प्रदेशाध्यक्ष सीधे तो कुछ नहीं बोले, लेकिन मीडिया के सवाल पर ये जरूर कह दिया कि राष्ट्र की आकांक्षाओं पर केंद्र और राज्य सरकार खरा उतर रही हंै। हर आम नागरिक जो चाहता है, उसे साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार किया जा रहा है। इस दौरान विधायक योगेंद्र उपाध्याय व रामप्रताप सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, शहर अध्यक्ष विजय शिवहरे व अन्य मौजूद रहे। भाजपा नेता संतोष सिकरवार एवं मनोज जादौन के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप