नहीं पहुंची सुषमा स्वराज, वीडियो से चलाया जा रहा काम
सींगना के ट्रेड सेंटर में आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के लिए विजय संकल्प साइबर योद्धा सम्मेलन एक बजे पहुंचना था विदेश मंत्री को।
आगरा, जागरण संवाददाता। दोपहर के एक से साढ़े तीन बज चले हैं। सोशल मीडिया पर छा जाने की तैयारी कैसे हो इसकी जानकारी लेने के लिए पिछले करीब तीन घंटे से शहर के युवा, प्रबुद्धजनों और छात्र सिर्फ इंतजार ही किसे जा रहे हैं। दो घंटे से बस यही कहा जा रहा है कि बस सुषमा जी आने वाली हैं। सुषमा जी दिल्ली से निकल चुकी हैं लेकिन सुषमा जी अब तक आगरा पहुंची नहीं है। वहीं कार्यक्रम में अभी तक पर्याप्त संख्या में कुर्सियां भी नहीं भर पाई हैं। फिलहाल जो मौजूद हैं उन्हें क्वीज गेम के जरीए रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
जिस सोशल मीडिया की टैक्नोलोजी के जरीए लोकसभा चुनाव में छाने की तैयारी के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आगरा अा रही थी आज उसी टैक्नोलोजी के एक रूप वीडियो के जरीए उनके श्रोताओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरे शब्दों में कहें तो टाइम पास हो रहा है।
जी हां, सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के लिए विजय संकल्प साइबर योद्धा सम्मेलन का आयोजन हुआ है। आयोजन को संबोधित करने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को एक बजे पहुंचना था लेकिन घड़ी की सुइयों के साढ़े तीन बजाने के बाद भी सुषमा यहां नहीं पहुंची हैं। कार्यकर्ता परेशान हैं कि आखिर श्रोताओं को कैसे रोका जाए। इसका तरीका सुषमा स्वराज के वीडियो से निकाला है। लोगों को रोकने के लिए वीडियो चलाया गया है। बता दें कि भाजपा का माहौल बनाने, छात्रों, प्रबुद्धजनों और जागरूक लोगों को इसके लिए साथ जुटाने के लिए कार्यकर्ता से लेकर नेता तक जुटे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से छा जाने के लिए स्मार्ट वर्ग को प्रेरित करने का प्रयास करने के लिए यह आयोजन किया गया।
क्वीज गेम बना विवाद का कारण
विजय संकल्प साइबर योद्धा कार्यक्रम में आए हुए छात्र छात्राओं को रोकना अब आयोजकों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। पिछले तीन घंटे से विदेश मंत्री का इंतजार कर रहे छात्र छात्राओं को क्वीज गेम बोझ जैसा लग रहा है। विवाद की स्थिति बनती जा रही है।
छात्रा बनी मनचलों का शिकार
क्विज गेम में जवाब देने वाली छात्रा मनचलों का शिकार बन गई। सही जवाब देने पर स्क्रीन पर छात्रा का मोबाइल नंबर डिस्प्ले हुआ था। कार्यक्रम के बीच में ही कुछ मनचलों ने फोन कर छात्रा को परेशान करना शुरु कर दिया। छात्रा की शिकायत पर कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा।