बूथ की बनवाई रणनीति और विधायक के घर पहुंच दी सांत्वना
उपचुनाव के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन बंसल ने दिया मंत्र।
आगरा, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनावों की व्यस्तता के बीच समय निकाल भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल विधायक जगन प्रसाद गर्ग को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। शुक्रवार सुबह मदिया कटरा स्थित विधायक जगन के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। कुछ देर रुकने के बाद वे रवाना हो गए।
प्रदेश महामंत्री संगठन गुरुवार शाम आगरा पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को उत्तर विधानसभा की जीत का मंत्र दिया। साथ ही एक ही दिन में विधानसभा क्षेत्र के सभी 438 बूथों पर एक ही समय पर जनसंपर्क करने के निर्देश दिए।
संजय प्लेस स्थित चुनाव कार्यालय पर उन्होंने कहा कि 10 दिन का समय बचा है, जिसमें रिवर्स टाइम के अनुसार काम करना होगा। बंसल ने कहा कि पारा 45 से ऊपर निकल चुका है, ऐसे में लोगों को मतदान के लिए निकालने की रणनीति बनानी होगी। सुबह 10 बजे तक अधिक से अधिक मतदान कराना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। लोकसभा के आंकड़ों को देख वोटिंग फीसद का खाका तैयार करो। ड्राई बूथों की समीक्षा कर उन पर विशेष निगाह रखो और अपने बूथों पर 70 फीसद के पार मतदान को पहुंचाओ।
बैठक में प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, मेयर नवीन जैन, विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, योगेन्द्र उपाध्याय, डॉ. जीएस धर्मेश, महेश गोयल, प्रदेश मंत्री अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे आदि मौजूद थे।
उत्तर के रण में उतरा संघ, सौंपे दायित्व
उत्तर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के रण में आरएसएस भी उतर गया है। संगठन ने स्वयंसेवकों को दायित्व सौंप दिए है। इसके साथ ही मतदान के लिए वोटरों को निकालने की जिम्मेदारी भी बूथ स्तर पर निर्धारित की गई है। लोकसभा चुनावों की तर्ज पर संघ एक बार फिर जुट गया है। वोटरों को निकालने और मतदान फीसद को बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है। साथ ही लोगों को भाजपा के समर्थन में जुटाने के लिए टीमें गठित कर दी गई है। उत्तर विधानसभा में संघ के 13 पूर्ण और दो आंशिक नगर आते है। संगठन ने इसमें समन्वयक और सहसमन्वयक की जिम्मेदारी सौंप दी है। ये बूथ स्तर तक टीम को तैयार कर समर्थन जुटाने में जुट गए हैं। घर से लेकर बिल्डिंगों तक संपर्क साधा जा रहा है। उनको केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही राष्ट्रवादी विचारधारा का संचार भी किया जा रहा है। संघ भाजपा संगठन की बूथ स्तर पर गठित वोटरों को निकालने वाली टीम से संतुष्टि नहीं है। इसलिए अपनी टीम लगाकर ऐसे लोगों को जो मतदान के प्रति लापरवाह हैं उनपर निगाह रखेगी। सुबह 10 बजे तक समान विचारधारा के वोटरों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने का प्रयास होगा। इसके बाद वोटर लिस्ट चेक कर केंद्रों पर नहीं पहुंचने वाले वोटरों को दोपहर और शाम तक पोलिंग बूथों पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप