सड़कों की मरम्मत के लिए निगम ने बनाया विशेष गैंग, मिलेगी राहत
सड़कों की मरम्मत का अभियान अब किसी खास आयोजन में नहीं चलेगा। बल्कि नगर निगम प्रशासन सालभर मरम्मत कराएगा। इसके लिए अलग से विंग का गठन कर दिया गया है।
आगरा : सड़कों की मरम्मत का अभियान अब किसी खास आयोजन में नहीं चलेगा। बल्कि नगर निगम प्रशासन सालभर इनकी मरम्मत कराएगा।
शहर में अधिकांश सड़कों व गलियों का निर्माण नगर निगम करता है। फिर एडीए और लोक निर्माण विभाग का नंबर आता है। पिछले वित्तीय साल में निगम प्रशासन ने 60 करोड़ से 1728 किमी सड़कों का निर्माण व मरम्मत की थी। इस साल सड़कों की मरम्मत का काम धीमा है। बारिश के चलते अधिकांश सड़कें खराब हो चुकी हैं। नगर निगम में हर दिन पांच से सात शिकायतें पहुंचती हैं। जिसकी जांच के आदेश किए जाते हैं। नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि सड़कों की मरम्मत का कार्य सालभर चलेगा। इसके लिए विशेष गैंग गठित किया गया है।
अब जल संस्थान मैनहोल कराएगा ठीक
जासं, आगरा : मैनहोल ठीक कराने के लिए लोगों को अब जल निगम और जल संस्थान कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। मैनहोल के रखरखाव की जिम्मेदारी अब जल संस्थान की होगी। निगम प्रशासन ने पहली बार यह व्यवस्था की है।
शहर में साढ़े सात सौ किमी लंबी सीवर लाइन है। 3500 के करीब मैनहोल हैं। नई सीवर लाइन बिछाने का काम जल निगम करता है। फिर इसे जल संस्थान को हस्तांतरित कर दिया जाता है। कई ऐसी पाइप लाइन हैं, जिनका हस्तांतरण अभी तक नहीं हुआ है। इसमें जयपुर हाउस सहित अन्य कॉलोनियां शामिल हैं। इनमें मैनहोल टूटने या फिर सीवर के उफान मारने पर लोग परेशान होते हैं। जल निगम के इंजीनियर जल संस्थान के पास भेज देते हैं। नगर निगम कार्यालय में हर दिन तीन से पांच ऐसी शिकायतें पहुंचती हैं। जनता की सहूलियत के लिए मैनहोल के रखरखाव की जिम्मेदारी जल संस्थान को दी गई है। नगरायुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि पिछले वित्तीय साल में मैनहोल की मरम्मत के लिए जल संस्थान को दो करोड़ रुपये दिए गए थे। मैनहोल में ढक्कन लगाना हो या फिर उसकी मरम्मत करनी हो, यह कार्य जल संस्थान को करना होगा।