Holi 2020: CoronaVirus के डर को किया बेदम, यहां रंग नहीं बरसे फूल, लड्डू और जलेबियां
प्रियाकांत के आंगन में जमकर बरसा भक्ति का रंग। फूलों की होली का भक्तों ने उठाया जमकर आनंद।
मथुरा, जेएनएन। प्रियाकांत जू मंदिर पर भक्ति का रंग ऐसा बिखरा कि हर कोई मदमस्त नजर आया। होली के रसिया के साथ जब लठामार होली शुरू हुई तो नंदगांव के हुरियारे और बरसाना की सखियों के बीच जमकर तकरार हुई। हुरियारों ने कटाक्ष किए तो फूल, लड्डू और जलेबी की होली का भी भक्तों ने आनंद लिया। कोरोना वायरस के भय से इस बार हाइड्रोलिक पिचकारी से दूरी बनाए रखी हो। लेकिन फूलों की होली ने कसर पूरी कर दी।
छटीकरा मार्ग स्थित प्रियाकांत जू मंदिर के होली महोत्सव में मौजूद देशभर से आए हजारों भक्तों ने होली का जो आनंद लिया, निराला ही था। प्रियाकांतजू मंदिर के विशाल प्रांगण में भागवत प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुर ने भजनों की शुरुआत की। होली के रसिया सुनाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जमकर अबीर-गुलाल उड़ा तो पूरा परिसर होलीमय नजर आया। इसके बाद लठामार होली और फिर गुजिया और लड्डू की होली में भक्तों ने लड्डू पाने को जी तोड़ मेहनत की। आखिर में देवकीनंदन ठाकुर ने राधाकृष्ण के स्वरूपों संग फूलों की होली खेली तो नजारा अछ्वुत बनता नजर आया। हर ओर होली की मस्ती में डूबे भक्त आनंदित होकर नृत्य कर रहे थे।
भगवद् गीता के कामिक्स का किया विमोचन
विश्व शांति सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं पर्ल आफ इंडिया द्वारा तैयार की गई कार्मिक्स वर्जन की गीता पुस्तक का विमोचन किया। देवकीनंदन महाराज ने पुस्तक का विमोचन करते हुये कहा नई पीढ़ी तक हमारे धर्म और संस्कारों को पहुंचाना जरूरी है। बच्चों को कॉमिक्स करैक्टर के रूप में कृष्ण-अर्जुन संवादों को प्रदर्शित किया गया है। यह रोचक पुस्तक बच्चों को गीता के संदेशों से परिचित कराएगी। पुस्तक तैयार करने वाले आशीष कुमार, मोहित गुप्ता, एचपी अग्रवाल, पशुपतिनाथ, जगदीश वर्मा मौजूद रहे।