दोस्ती को महकाएंगे तोहफे, क्रिसमस से New Year तक बना देंगे खास Agra News
सेंटा के लिए ताजनगरी के बाजार में गिफ्ट्स भरे हुए हैं। मग्स से लेकर कुशन तक लोगों की पसंद में शामिल है।
आगरा, जागरण संवाददाता। इस समय हर तरफ सिर्फ क्रिसमस की ही बातें हो रही हैं। ऑफिस और घरों को सजाया जा रहा है। क्रिसमस ट्री भी सजाने का नंबर आ चुका है। केक के ऑर्डर जा चुके हैं। क्रिसमस पर सेंटा बन कर कई लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को गिफ्ट्स देते हैं। ऐसे ही सेंटा के लिए ताजनगरी के बाजार में गिफ्ट्स भरे हुए हैं। मग्स से लेकर कुशन तक लोगों की पसंद में शामिल है। जिन लोगों को ज्यादा तोहफे देने होते हैं, वे ऐसे तोहफे ढूंढते हैं जो कम पैसों में याद के रूप में लोगों के पास रहें। संजय पैलेस, शाह गंज, सदर बाजार समेत विभिन्न बाजारों में ऐसे गिफ्ट खरीदे जा रहे है।
क्रिसमस पर पहली पसंद सेंटा मग
कम पैसों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला तोहफा इन दिनों सैंटा मग के रूप में पसंद किया जा रहा है। सेरेमिक का बना यह मग सैंटा की शक्ल का बना होता है। मग के जोड़े की कीमत 500 रुपये से कम होती है।
एयर हृयूमाइडिफिर लड़ेगा प्रदूषण से
बढ़ते वायु प्रदूषण से हर कोई परेशान है। शुद्ध हवा बड़ी मुश्किल से लोगों को हासिल हो पा रही है। ऐसे में अगर कोई प्रदूषण दूर करने के लिए आपको एक टूल दे तो आप उसे हमेशा याद रखेंगे। इसीलिए एयर हृयूमाइडिफिर एक ऑप्शन के रूप में लोगों के सामने आया है।
कुशन देगा आराम
पर्स, बैग, पेसिंल बॉक्स के बाद कुशन भी तोहफे के रूप में खरीदे जा रहे हैं। दिन भर की थकावट के बाद जब घर पहुंचे और मुलायम कुशन पर पीठ, सिर टिकाकर सोना और बैठने को मिले तो इससे ज्यादा सुकून क्या होगा। सीक्विन कुशन की कीमत 300 रुपये के आसपास है।
सुगंध फैलाएंगे फूलवाले पौधे
तोहफे के रूप में फूल हमेशा से लोगों की पसंद में नंबर वन पर रहे हैं। इस क्रिसमस सुगंधित फूलवाले पौधे गिफ्ट कर सकते हैं। इसमें गुलाब, चमेली आदि पौधे ज्यादा खरीदे जाते हैं।
दोस्ती को रोशन करेगी लालटेन
क्रिसमस के मौके पर डेकोरेटिव गिफ्ट देना भी एक अच्छा निर्णय है। इस क्रिसमस आप सजावटी लालटेन गिफ्ट कर सकते हैं। इस लालटेन की कीमत बाजार में 500 रुपये से कम है।