अब नीली वर्दी पहन मैदान में उतरेगी सपा छात्र सभा, आगरा में कार्यकर्ताओं को टी-शर्ट्स वितरित
सपा छात्र सभा विधानसभा चुनाव से पहले नीली वर्दी में मैदान में उतरेगी, जिसका उद्देश्य सामाजिक न्याय और बहुजन समाज ...और पढ़ें

सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं के लिए नीली टी-शर्ट्स वितरित करते अमित प्रताप यादव, शब्बीर अब्बास, विनय अग्रवाल व अन्य।
जागरण संवाददाता, आगरा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों पर विधानसभा चुनाव से पूर्व सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता नीली वर्दी में मैदान में उतरेंगे। नई पीढ़ी की नई सोच को देखते हुए नीले रंग की नई वर्दी तय की गई है। नीली वर्दी संगठन को अलग पहचान देने के साथ सामाजिक न्याय और बहुजन समाज की भागीदारी का संदेश देगी।
कार्यकर्ता छात्रों और नौजवानों से जुड़े शिक्षा, रोजगार, आरक्षण और सामाजिक सम्मान के सवालों को लेकर मैदान में उतरेंगे। पार्टी के ताजनगरी स्थित कार्यालय में मंगलवार को छात्र-नौजवान पीडीए जागरूकता एवं सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया।
सपा छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के निर्देशों और महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में छात्र सभा के कार्यकर्ताओं को नीली टीशर्ट और पैंट वितरित की गईं।
छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव ने कहा कि कार्यकर्ता कालेजों में छात्रों और नौजवानों के बीच पहुंचकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। पेपर लीक, बेरोजगारी, फीस वृद्धि, छात्र संघ बहाली और आरक्षण जैसे मुद्दों पर संघर्ष किया जाएगा।
हमारा लक्ष्य केवल सदस्य बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को उनके अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई से जोड़ना है।
सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा और ने कहा कि नीली वर्दी केवल वर्दी नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का संदेश है।
पीडीए के माध्यम से पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों को राजनीतिक भागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र शर्मा और संतोष पाल बघेल ने किया।
छात्र सभा के महानगर प्रभारी कादिर कुरैशी, विनय अग्रवाल, पवन प्रजापति, सुनील यादव, तेज प्रताप सिकरवार, समीर अब्बास, ललित जाटव, मोहित यादव, ऋषभ शर्मा, शिवम बघेल, सचिन यादव, जुबेर खान आदि मौजूद रहे।
