यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Agra News: मतगणना से पहले अधिकारियों की गाड़ी चेक करना पड़ा भारी, जेल जाएंगे कार्यकर्ता, ये हुए नामजद
Agra News अखिलेश यादव ने मतगणना से पहले कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए थे कि वे मतगणना स्थल पर जाकर ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में मंडी समिति के बाहर मतगणना से पहले सपा और रालोद पदाधिकारियों द्वारा किए गए हंगामे से अब उनकी मुश्किल बढ़ने वाली हैं। अधिकारियों की गाड़ियों की भी चेकिंग करने पर मतगणना से पहले ही पुलिस ने एत्माद्दौला थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। वीडियो के आधार पर इसमें रालोद जिलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल समेत 25 लोगों को पुलिस ने नामजद कर लिया था। इनके खिलाफ पुलिस के पास साक्ष्य भी हैं। कोर्ट से वारंट लेने के बाद पुलिस इनकी गिरफ्तारी करने की तैयारी कर रही है।
बुधवार रात कार्यकर्ताओं ने किया था हंगामा
आगरा- फिरोजाबाद रोड पर शाहदरा के पास स्थित मंडी समिति में काउंटिंग से पहले बुधवार रात को सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। इस दौरान उन्होंने कई प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों को अंदर जाने से पहले रोका और उनकी चेकिंग की। इतना ही नहीं कुछ महिलाओं ने तो एसएसपी की गाड़ी भी चेकिंग के लिए रोक ली थी। इस मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात ही मुकदमा दर्ज कर लिया था।
कई लोग किए नामजद
एसआइ देवेंद्र सिंह द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में सपा कार्यकर्ताओं पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने के साथ-साथ लोक व्यवस्था भंग करने का भी आरोप है।हंगामे के दौरान पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं का वीडियो भी बनाया था। इसके आधार पर मुकदमे में 25 लोगों को नामजद किया गया है।जबकि 50-60 अज्ञात लोग शामिल हैं। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि विवेचक को निर्देश दिए गए हैं कि चिह्नित आरोपितों के कोर्ट से गैर जमानती वारंट लेकर दबिश दी जाए। आरोपितों को जल्द से जल्द जेल भेजा जाए।
ये हुए नामजद
रालोद के जिलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल,राजकुमार, सुनील, कुंवर रवि यादव, राजा श्रीवास्तव, सुलेखा श्रीवास्तव, रजनी, जूही प्रकाश, संजू यादव, रामकुमार, सुनील यादव, विवेक यादव, लाखन सिंह, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के रिजवान खान, कुलदीप वाल्मीकि, प्रिंस, रवि यादव, राहुल घोष, सुरेश दिवाकर, मुरली यादव, शैलू यादव, पूर्व पार्षद राजपाल यादव।
