Cycle Track: पूर्व सीएम अखिलेश यादव के सपने पर आगरा में चली कुदाल, किसने किया नहीं पता
Cycle Track पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट साइकिल ट्रैक पर किसी ने कुदाल चली दी है। एएसआइ कार्यालय से कमिश्नरी चौराहा तक का है ट्रैक। सपा शासनकाल में 133 करोड़ रुपये से बना था 207 किमी लंबा ट्रैक।
आगरा, जागरण संवाददाता। न नियमों की परवाह और न ही कार्रवाई का डर। जहां मन आया खोदाई शुरू कर दी। अनुमति भी नहीं ली गई। शनिवार सुबह फतेहाबाद रोड स्थित साइिकल ट्रैक पर कुदाल चल गई। एएसआइ कार्यालय से कमिश्नरी चौराहा तक ट्रैक को खोद दिया गया। यह ट्रैक किसने खोदा, इसकी जानकारी मंडलायुक्त से लेकर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता तक को नहीं है।
सपा शासनकाल में 207 किमी लंबा साइकिल ट्रैक 133 करोड़ रुपये से बना था। सेहत के साथ ही पर्यटकों को रोमांचक अहसास कराने के लिए सपा शासनकाल में साइकिल ट्रैक बना था। इसका शुभारंभ 26 नवंबर 2016 को हुआ था। यह अवंतीबाई चौराहा से फतेहाबाद रोड, इनर रिंग रोड के पास से होते हुए बाह से इटावा तक बना है। ट्रैक एक मीटर से डेढ़ मीटर तक चौड़ा है। तीन साल पूर्व साइकिल ट्रैक के एक हिस्से को तोड़ कर स्ट्रीट लाइट लगाई गई थीं। शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित एएसआइ कार्यालय से कमिश्नरी तक साइिकल ट्रैक को खोदकर छोड़ दिया गया। सुबह जब लोग घूमने निकले तो नजारा देखकर हैरान रह गए लेकिन इसकी जानकारी प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अफसरों को नहीं हो सकी।
डीएम ने खुद देखा ट्रैक
डीएम प्रभु एन सिंह ने शनिवार को साइकिल ट्रैक की खोदाई और उसकी बदहाली देखी। डीएम सर्किट हाउस से वापस आ रहे थे। डीएम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इसकी जानकारी मांगी गई है।
जगह-जगह है अतिक्रमण
अवंतीबाई चौराहा से इनर रिंग रोड तक दोनों ओर साइिकल ट्रैक है। अधिकांश जगहों पर अतिक्रमण है।
साइकिल ट्रैक की खोदाई किसने की है। इसकी कोई जानकारी नहीं है। खोदाई करने वाली एजेंसी से नुकसान की भरपाई होगी। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।
अमित गुप्ता, मंडलायुक्त
साइकिल ट्रैक की खोदाई की शिकायत मिली है। विभाग ने यह खोदाई नहीं की। संभव है कि जल निगम या फिर अन्य किसी मोबाइल कंपनी ने ट्रैक को खोदा हो। संबंधित एजेंसी द्वारा निर्माण कराया जाएगा।
संजीव भारद्वाज, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग आगरा परिक्षेत्र