थाने में दारोगा की पिस्टल से चली गोली, सिपाही घायल, जानिए आखिर क्या था मामला Agra News
मैगजीन लोड करते समय चैंबर में कार्टेज फंसा और गोली चल गई। एसआइ को माना गया लापरवाह।
आगरा, जेएनएन। फीरोजाबाद के पचोखरा थाने में तैनात दरोगा की पिस्टल से चली गोली सिपाही के हाथ में जा घुसी। सिपाही लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। इस घटना से थाने के साथ ही महकमे में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सिपाही को एफएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
बुधवार सुबह पचोखरा थाने में तैनात सिपाही नरेन्द्र फौजदार हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसे एफएच मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर टूंडला ज्ञानेन्द्र कुमार भी अस्पताल पहुंच गए। एसपी सिटी ने बताया कि सुबह एसआई कृपाल सिंह अपनी पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। जो समीप खड़े सिपाही नरेन्द्र को लगी। उनका आगरा में उपचार चल रहा है। घटना में एसआई की लापरवाही सामने आई है। पिस्टल साफ करते समय सावधानी बरतनी चाहिए थी। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। सिपाही खतरे से बाहर है।