विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

SN Medical College: टूटने वाला है 82 साल पुराना साथ, आगरा के एसएन मेडिकल की संबद्धता अब इस विवि से होगी

By Tanu GuptaEdited By:
Published: Thu, 18 Nov 2021 09:35 AM (IST)

SN Medical College एसएन मेडिकल कालेज की संबद्धता अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय से होगी। इस हफ्ते में मिल ...और पढ़ें

एसएन मेडिकल कालेज की संबद्धता अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय से होगी।
एसएन मेडिकल कालेज की संबद्धता अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय से होगी।

आगरा, जागरण संवाददाता। एसएन मेडिकल कालेज और डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 82 साल पुराना साथ टूटने जा रहा है।मेडिकल कालेज की जल्द ही विश्वविद्यालय से संबद्धता खत्म होने वाली है। मेडिकल कालेज के एमबीबीएस समेत सभी पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रम अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय से संबद्ध होने जा रहे हैं। एमबीबीएस को पहले ही संबद्ध किया जा चुका है।

मेडिकल कालेज विश्वविद्यालय से 1939 में संबद्ध हुआ था। एमबीबीएस का पहला बैच 1944 में पास आउट हुआ था। तब से लेकर अब तक मेडिकल कालेज की परीक्षा व परिणाम की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय की ही रही है।विश्वविद्यालय से मेडिकल कालेज के अलावा 1100 कालेज संबद्ध हैं। इतने कालेजों की संबद्धता के कारण विश्वविद्यालय का सिस्टम बिगड़ गया है। परीक्षा से लेकर परिणाम तक सालों साल लंबित रहते हैं। मेडिकल कालेज लंबे समय से विकल्प की तलाश कर रहा था। अब अटल बिहारी मेडिकल विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद यह समस्या खत्म होने वाली है। मेडिकल विश्वविद्यालय की पिछले साल हुई पहली वित्त समिति और कार्य परिषद की बैठक में 11 मेडिकल कालेजों को संबद्धता का सहमति पत्र देने का अनुमोदन दे दिया गया था।

एमबीबीएस पहले ही हो चुका संबद्ध

एसएन मेडिकल कालेज में चलने वाले एमबीबीएस पाठ्यक्रम को पिछले महीने ही अटल विश्वविद्यालय से संबद्ध किया जा चुका है। इसमें 128 सीटें हैं। पांच साल के हिसाब से यहां एक साथ 640 छात्र पढ़ेंगे।नर्सिंग कालेज भी संबद्ध हो चुका है। मेडिकल कालेज में कुल 18 पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रम हैं। इनमें छात्रों की कुल संख्या 119 है। यह सभी पाठ्यक्रम जल्द ही अटल विश्वविद्यालय से संबद्ध किए जाएंगे। अटल विश्वविद्यालय की टीम ने मंगलवार को मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। दो सदस्यीय टीम ने यहां पीजी कोर्सों को संचालित करने के संसाधन, शिक्षकों की संख्या के मुताबिक छात्रों का अनुपात देखा। प्रयोगशालाओं की स्थिति को परखा। शिक्षक और छात्रों से भी बातचीत की। कालेज के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 2021-22 के लिए अटल विश्वविद्यालय से संबद्धता मिल सकती है। इस हफ्ते अनुमोदन मिल जाएगा। 2020-21 के छात्रों की परीक्षा और परिणाम की जिम्मेदारी उनके उत्तीर्ण होने तक आंबेडकर विश्वविद्यालय की ही होगी।

शुरू करेंगे पैरामेडिकल कालेज

प्राचार्य डा. गुप्ता ने बताया कि नर्सिंग कालेज की संबद्धता के बाद हलवाई की बगीची में बन रहे नए परिसर में पैरामेडिकल कालेज शुरू करने की योजना है। एसएन मेडिकल कालेज में एक विभाग और बाकी के आठ विभाग हलवाई की बगीची वाले परिसर में संचालित होंगे। इससे पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा किया जा सकेगा।

मेडिकल कालेज के समान मानक होने चाहिए। यह सकारात्मक कदम है। समय से परीक्षाएं, परिणाम, पारदर्शिता के साथ ही शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा।

डा. जेएन टंडन, पूर्व अध्यक्ष आइएमए, पूर्व छात्र एसएन मेडिकल

कालेज ये अच्छा कदम है, डा. भीमराव आंबेडकर विवि में समय से परीक्षाएं और परीक्षाफल घोषित नहीं हो रहा था। अब सत्र नियमित हो सकेगा।

डा. राजीव उपाध्याय, अध्यक्ष आएमए, पूर्व छात्र एसएन मेडिकल कालेज