Help Desk in Police Station: अब आगरा के थाने में प्रार्थना पत्र देने पर मिलेगी पर्ची
Help Desk in Police Stationएडीजी और आइजी ने किया हेल्प डेस्क का उदघाटन। सभी थानों में बनाई जा रही हैं केंद्रीयकृत हेल्प डेस्क। थानों में प्रार्थना पत्र देने पर कई बार वे गुम हो जाते थे। उन पर समय से कार्रवाई भी नहीं होती थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। अब थाने में प्रार्थना पत्र देने पर आपको पर्ची मिलेगी। डीजीपी एचसी अवस्थी के निर्देश पर थानों में हेल्प डेस्क बनाई जा रही हैं। इन्हीं पर आपका प्रार्थना पत्र लिया जाएगा। शनिवार को एडीजी अजय आनंद और आइजी ए सतीश गणेश ने थाना हरीपर्वत में महिला हेल्प डेस्क का उदघाटन कर दिया। इस मौके पर एसएसपी बबलू कुमार और एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद भी मौजूद रहे। अब जिले के सभी थानों में ये डेस्क बनाई जा रही हैं।
थानों में प्रार्थना पत्र देने पर कई बार वे गुम हो जाते थे। उन पर समय से कार्रवाई भी नहीं होती थी। इसी को देखते हुए यह नई व्यवस्था की जा रही है। थाने के बाहरी हिस्से में महिला हेल्प डेस्क रहेगी। इसमें कुशल व्यवहार की दो महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ये थाने में आने वाले हर प्रार्थना पत्र और शिकायतकर्ता का विवरण कंप्यूटर में फीड किया जाएगा। शिकायतकर्ता को प्राप्ति रसीद होगी, जिस पर टोकन नंबर लिखा होगा। हेल्प डेस्क द्वारा थाना प्रभारी और बीट प्रभारी को शिकायतकर्ता के बारे में बताया जाएगा।