यहां चल रही उम्मीदों को पंख लगाने की तैयारी ताकि मुठ़ठी में आ जाए दुनिया सारी
शरन सेवा समिति ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए लगाया 15 दिवसीय स्वावलंबन शिविर। शिविर में रोजगारपरक कोर्स के साथ आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए जाएंगे।
आगरा: स्वावलंबन के बिना जीवन की राह अधूरी है। सफल जीवन का ख्वाब अधूरा है और खुद को साबित करने की चाह अधूरी है। महिलाओं को आत्मनिर्भत बनाने की दिशा में इसी सोच के साथ शरन सेवा समिति ने 15 दिवसीय शिविर लगाया है। दयालबाग स्थित न्यू लुक ब्यूटी पार्लर पर शुक्रवार से शिविर लगाया गया है। शिविर में गरीब कन्याओं व महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने हेतु मेहंदी व ब्यूटी पार्लर का कोर्स निश्शुल्क कराया जायेगा ताकि महिलाएं सम्मान से आर्थिक आजादी पा सकें। इसके साथ ही शिविर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ ही आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए जाएंगे। केंद्र सरकार द्वारा महिला के रोजगार के लिए शुरु की गईं विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी जाएगी।
समिति की कोषाध्यक्ष डॉ शोनू मेहरोत्रा ने बताया कि नियमित रूप से इस तरह के शिविर शहर के अलग अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे। पार्लर में लगे शिविर में गुड्डन प्रशिक्षण देंगी। इच्छुक युवतियां और महिलाएं शिविर में अब भी प्रवेश पा सकती हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष शैली माटा, उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, सह संगठन मंत्री बबिता हजेला, सचिव ममता बेरी, संस्थापक सदस्य श्वेता गुप्ता, वंदना अनेजा, बबिता अग्रवाल, सुमन सिंह, मीतू माटा आदि उपस्थित रहीं। परी, वर्षा, बुलबुल, पूजा, दुर्गेश, काजल, साधना, रेखा, प्राची, दिव्य, भावना, मीतू, रेखा आदि शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।