Taj Mahotsav 2020: इस बार गूंजेगा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ संदेश Agra News
ताज महोत्सव आयोजन समिति ने 25 जनवरी तक मांगी प्रविष्टियां। महोत्सव की टिकट पर मुद्रित की जाएगी सर्वश्रेष्ठ टैगलाइन या चित्र।
आगरा, जागरण संवाददाता। कला, संस्कृति और व्यंजनों का उत्सव ताज महोत्सव इस वर्ष सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ेगा। महोत्सव में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश दिया जाएगा। इसके लिए टैग लाइन या चित्र को ताज महोत्सव आयोजन समिति ने 25 जनवरी तक लोगों से प्रविष्टियां मांगी हैं। सर्वश्रेष्ठ टैगलाइन या चित्र को महोत्सव के टिकट पर मुद्रित किया जाएगा।
ताज महोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक शिल्पग्राम में होगा। इस बार महोत्सव की थीम 'संस्कृति के रंग-ताज के संग है। महोत्सव के लिए हाल ही में डीएम पीएन सिंह ने बैठक की थी। इसमें यूनाइटेड नेशन्स एनवायरनमेंट प्रोग्राम, चिंतन और उपाय संस्था के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। उन्होंने ताजमहल की टिकट पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ संदेश मुद्रित कराने का सुझाव दिया था। ताज पर मैग्नेटिक कॉइन देने की वजह से ऐसा सम्भव नहीं है। इसे देखते हुए ताज महोत्सव की टिकट पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ संदेश मुद्रित कराने पर सहमति बनी। इसके चलते ताज महोत्सव समिति ने लोगों से टैग लाइन या चित्र 25 जनवरी तक आमंत्रित किये हैं। ईमेल आईडी tajplasticpollution@gmail.com पर टैगलाइन या चित्र मेल किए जा सकते हैं। जो चित्र या टैगलाइन चुनी जाएगी, उसे ताज महोत्सव के टिकट पर स्थान मिलेगा।
आज होगा प्रेजेंटेशन
ताज महोत्सव में साज-सच्जा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए पांच कम्पनियों ने ई टेडर भरा था। सोमवार को कमिश्नर कैम्प आफिस में शाम 4 बजे से इन कम्पनियों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया जाएगा।
विदेशियों के लिए आकर्षण का केंद्र
सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले की तरह आगरा का ताज महोत्सव भी देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुका है। देशभर से तमाम शिल्पी अपने उत्पाद लेकर आगरा पहुंचते हैं। इसके साथ ही ताजमहल घूमने आने वाले विदेशियों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बन चुका है। यहां उन्हें भारत की लोककलाओं, नृत्य, हस्तशिल्प, संस्कृति से रूबरू होने का सीधा मौका मिलता है।