गरीब महिलाओं और युवतियों तक पहुंचेगा सेनेटरी पैड, संस्था ने उठाया बीड़ा Agra News
श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति ने लिया फैसला। लायंस क्लब आगरा आकाश देगा सेनेटरी पैड बनाने की मशीन।
आगरा, जागरण संवाददाता। श्रीकृष्ण लीला समिति की अध्यक्ष के चुनाव के बाद पहली बैठक मंगलवार को हुई। श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति के माध्यम से मलिन बस्तियों में गरीब महिलाओं व युवतियों को सेनेटरी पैड बांटने का निर्णय लिया गया। सेनेटरी पैड संस्था में प्रशिक्षण ले रही महिलाओं व युवतियों द्वारा बनाए जाएंगे।
कमला नगर के जी ब्लॉक में हुई बैठक में लॉयंस क्लब आगरा आकाश के सचिव संजय गुप्ता ने समिति को सेनेटरी पैड बनाने की मशीन भेंट करने व भविष्य में और भी मशीनें दिए जाने की बात कही। श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि समिति द्वारा संस्थान में पिछले पांच वर्षों से गरीब छात्राओं व महिलाओं को निश्शुल्क सिलाई व कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब छात्राएं सेनेटरी पैड बनाने का प्रशिक्षण लेंगी और उन्हें गरीब महिलाओं व मलिन बस्तियों में वितरित किया जाएगा। बैठक में धर्मेंद्र चौधरी, विनीत सिंघल, पीके मोदी, जवाहर लाल सिंघल, मनोज गुप्ता, संजय गोयल आदि मौजूद रहे।
विजय रोहतगी बने महामंत्री
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने विजय रोहतगी को महामंत्री, अजय अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, अशोक गोयल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, केके अग्रवाल को सवारी व्यवस्था प्रमुख और प्रभात रोहतगी को मीडिया प्रभारी बनाया है।