जिला अस्पताल का स्थानंतरण रोकने को विधानसभा में धरना देगी प्रसपा
शिवपाल सिंह फीरोजाबाद जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के समर्थन में उतरे प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव।
आगरा, जेएनएन। फीरोजाबाद जिला प्रशासन की रोक के बावजूद जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति की गोष्ठी हुई। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने गोष्ठी को संबोधित किया और मांगे न मानने तक आंदोलन आगे बढ़ाने की बात कही।
दरअसल फीरोजाबाद जिला अस्पताल के स्थानांतरण की कवायदें चल रही हैं। इसके खिलाफ जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति आंदोलन कर रही है। रविवार को इस संदर्भ में गोष्ठी रखी गई थी। जिला प्रशासन ने किसी तरह के विवाद से बचने के लिए गोष्ठी पर रोक लगा दी थी लेकिन दोहपर में प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव पहुंच गए। गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि जिला अस्पताल यहीं रहेगा। यदि इसे हटाने की साजिश की गई तो जबरदस्त आंदोलन चलेगा। विधान सभा की अगली बैठक में इस मुद्दे को वह उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो विधान सभा में उनकी पार्टी धरना भी देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिला अस्पताल परिसर में काफी जमीन है फिर जिला अस्पताल को शहर से दस किमी दूर क्यों ले जाया जा रहा है। यह बड़ी साज़िश है। साजिशकर्ता बेनकाब किए जाएंगे। शिवपाल ने कहा कि उनकी पार्टी बनी रहेगी। यदि कोई समझौता करना चाहेगा तो उसका स्वागत है। लोकसभा चुनाव के समाजवादी पार्टी और बसपा गठबंधन टूटने पर उन्होंने कहा कि सपा और बसपा का बेमेल गठबंधन तो टूटना ही था। इन दोनों पार्टियों के नेता अहंकारी हैं। सपा विधायक हरिओम यादव समेत अन्य नेता शामिल रहे।