शेल्टर होम में बदइंतजामों का बसेरा, नहीं दिया जा रहा ध्यान
शहर में संचालित हैं 12 शेल्टर होम नलों से टपकता रहता है पानी 12-12 घंटे की शिफ्ट में दो कर्मचारियों की लगती है ड्यूटी
आगरा, जागरण संवाददाता।
- खंदारी रोड स्थित शेल्टर होम। कुल क्षमता 15। 12 पुरुष के बेड और तीन महिलाओं के। पुरुष और महिला शौचालय अलग-अलग है, लेकिन इनके नल खराब हैं। पानी टपकता रहता है। पीने के लिए पानी का इंतजाम नहीं। फ्रिज खराब है। - राजा की मंडी रेलवे स्टेशन रोड स्थित शेल्टर होम। कुल क्षमता 14। सात बेड पुरुष और इतने ही महिलाओ के। कमरे के दरवाजे टूटे। पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। एक कमरे की छत का प्लास्टर उखड़ गया है। शौचालयों में नलों से पानी टपकता रहता है। ये हाल सिर्फ दो शेल्टर होम (रैन बसेरा) का नहीं बल्कि अधिकांश का है। नगर निगम के दस्तावेजों में शेल्टर होम चमक रहे हैं। संचालन पर हर माह लाखों रुपये खर्च हो रहा है, लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। शहर में दर्जनभर शेल्टर होम हैं। कागजों में यह साल भर संचालित होते हैं। 12-12 घंटे के लिए दो केयर टेकर तैनात हैं। लेकिन एक साल के दौरान किसी भी शेल्टर होम में लोगों से कोई फीडबैक नहीं लिया गया है। सर्दी शुरू होने से पूर्व अफसरों ने शेल्टर होम का सत्यापन किया है।
-----
एक से तीन लोग ही हैं पहुंचते
शेल्टर होम में वर्तमान में एक से तीन लोग पहुंचते हैं। नाम, पता और मोबाइल नंबर अंकित कराया जाता है।
-----
पांच माह से नहीं मिला वेतन
12 शेल्टर होम में 24 केयर टेकर हैं। इन्हें पांच माह से वेतन नहीं मिला है।
------
नहीं जलेंगे अलाव, गैस हीटर का होगा प्रयोग
नगर निगम प्रशासन इस साल भी अलाव नहीं जलाएगा। अलाव के बदले गैस हीटर का प्रयोग किया जाएगा। गैस हीटर कितने स्थलों पर जलेंगे, फिलहाल स्थलों को चिन्हित किया जा रहा है।
-----
शहर में संचालित शेल्टर होम
- राजा की मंडी रेलवे स्टेशन रोड
- खंदारी रोड में
- पुरानी चुंगी नुनिहाई
- नरायच स्थित धर्मकांटा के समीप
- वाटरवर्क्स चौराहा के समीप
- चुंगी स्थल देवरी रोड
- गाटा संख्या 239 छलेसर
- तांगा स्टैंड छीपीटोला के पास
- जोनल कार्यालय लोहामंडी रोड
- तांगा स्टैंड ताजगंज
- पीर कल्याणी रोड
- जल संस्थान कार्यालय फतेहाबाद रोड
----
- शेल्टर होम में जो भी कमियां हैं। उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। इसे लेकर जल्द बैठक होगी।
नवीन जैन, मेयर