आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में सेक्टर मजिस्ट्रेट घायल
चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट दुष्यंत सिंह की कार फीरोजाबाद के नगला खंगर के पास डिवाइडर से टकराई। गंभीर हालत में हॉस्पीटल में कराया गया भर्ती।
By Prateek GuptaEdited By: Published: Sun, 17 Mar 2019 02:52 PM (IST)Updated: Sun, 17 Mar 2019 02:52 PM (IST)
आगरा, जेएनएन। हादसों का एक्सप्रेस वे बनता जा रहा आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे रविवार को फिर जानलेवा बना। इस बार इस सड़क पर हादसे के शिकार हुए चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट दुष्यंत सिंह। उनकी कार फीरोजाबाद के नगला खंगर के पास डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सेक्टर मजिस्ट्रेट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
रविवार को गाजियाबाद से लखनऊ जा रहे गन्ना विकास निगम के सहारनपुर के अधिशाषी अभियंता और चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट दुष्यंत सिंह पुत्र लल्लन सिंह निवासी पीपुल खंड गोमती नगर लखनऊ की कार इनोवा डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोर की थी कि कार आगे की ओर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को ग्रामीणों की सहायता से कार से बाहर निकाला और अस्पताल उपचार के लिए भेज दिया। फिलहाल उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें