Tractor Pared: आगरा में गणतंत्र दिवस पर सपाई निकालेंगे ट्रैक्टर रैली
Tractor Pared पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। किसान आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर तमाम सपाई अपने-अपने ट्रैक्टरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर टोलियों के रूप में सदर तहसील पहुंचेंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के समर्थन में सपाई ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। 26 जनवरी को प्रस्तावित इस ट्रैक्टर रैली के लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी हैं। सपाइयों की ट्रैक्टर रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों में होते हुए सदर तहसील परिसर में पहुंचेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने बताया कि किसान आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर तमाम सपाई अपने-अपने ट्रैक्टरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर टोलियों के रूप में सदर तहसील पहुंचेंगे। इस ट्रैक्टर रैली को लेकर सपाइयों में काफी उत्साह है। महानगर अध्यक्ष का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। नये कानून किसान हित में नहीं हैं। लंबे समय से किसान दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं, इसके बावजूद सरकार उनकी बात मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ है। इससे पहले भी किसानों के समर्थन में धरना- प्रदर्शन किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली के लिए ट्रैक्टर तैयार किए जा चुके हैं। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का है। सपाई एमजी रोड हाेते हुए सदर तहसील पर पहुंचेंगे। इससे एमजी रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है। हालांकि सपा की इस ट्रैक्टर रैली को लेकर पुलिस- प्रशासन पहले ही अलर्ट हो गया है। उन्हें समझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।