Gram Panchayat Chunav: नामांकन शुरू लेकिन अब तक सपा- बसपा के सभी वार्डों पर प्रत्याशी घोषित नहीं
Gram Panchayat Chunav आगरा में पहले चरण में चुनाव होना है। इसके लिए सिर्फ दो दिन ही नामांकन होगा। 3 और 4 अप्रैल को ही नामांकन हो सकेंगे। भाजपा को छोड़ दूसरी पार्टिंयां अपने-अपने प्रत्याशी तय नहीं कर पाई हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।मगर, अब तक समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सभी वार्डों पर अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाए हैं। ऐसा ही हाल आम आदमी पार्टी का है। जबकि भाजपा ने एक ही झटके में जिला पंचायत सदस्य के सभी 51 वार्डों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए।
सपा ने जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियाें की दो सूची जारी की हैं। पहली सूची 27 मार्च को जारी की थी। इसमें 18 प्रत्याशियों की घोषणा की गई। दूसरी सूची 30 मार्च को जारी की। इसमें 11 प्रत्याशियों की घोषणा की। इस प्रकार सपा अब तक कुल 29 प्रत्याशी ही घोषित कर पाई है। इस मामले में बसपा, सपा से आगे है। बसपा अब तक 46 वार्डों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। 31 मार्च को पहली सूची जारी की। इसमें 27 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। एक अप्रैल को जारी दूसरी सूची में आठ प्रत्याशी और दो अप्रैल को जारी तीसरी सूची में 11 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। आम आदमी पार्टी भी कुछ ही वार्डों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर पाई है। राष्ट्रीय लोकदल भी इस मामले में पीछे रह गई है। बता दें कि आगरा में पहले चरण में चुनाव होना है। इसके लिए सिर्फ दो दिन ही नामांकन होगा। 3 और 4 अप्रैल को ही नामांकन हो सकेंगे। इसके बावजूद भाजपा को छोड़ दूसरी पार्टिंयां अपने-अपने प्रत्याशी तय नहीं कर पाई हैं। बताया जा रहा है कि कई पार्टियों को कुछ वार्डों पर प्रत्याशी मिल ही नहीं रहे हैं। इसके चलते वह प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर पा रहे।