अखिलेश के समर्थन में सड़कों पर उतरे सपाई, फीरोजाबाद में सांसद बैठे धरने पर
लखनऊ एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री को रोका गया था। इलाहाबाद विवि में होने वाले छात्र सभा आयोजन में शामिल होने जा रहे थे।
आगरा, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रयागराज जाने से रोकने को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी रोष है। मंडलभर में प्रदेश सरकार के सपाई पुतले फूंक रहे हैं और विरोध में नारेबाजी एवं प्रदर्शन कर रहे हैं।
निवर्तमान महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार के नेतृत्व में आगरा के फतेहाबाद रोड पर सपा की महानगर इकाई के सदस्यों ने योगी सरकार का पुतला फूंका। धौलपुर हाउस के बाहर एमजी रोड पर पूर्व महानगर अध्यक्ष रईस उददीन के नेतृत्व में सपाइयों ने प्रदर्शन किया। सड़क पर जाम लगा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लठियाकर खदेड़ा।
विरोध की आग अन्य जिलों में भी भड़की हुई है। सपा कार्यकर्ताओं ने फीरोजाबाद के गांधी पार्क चौराहा पर सरकार का पुतला दहन कर उसे छात्र विरोधी बताया। सांसद अक्षय यादव के निर्देश पर महानगर अध्यक्ष एहतेशाम अली बाबर और वरिष्ठ नेता अवनींद्र यादव के नेतृत्व में युवा सपाई दोपहर तीन बजे गांधी पार्क चौराहा पर एकत्र हुए। यहां प्रतीकात्मक पुतला फूंकने के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवजन सभा के जिलाध्यक्ष गौरव यादव और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष केवी यादव ने कहा कि भारतीय राजनीति की पौधशाला छात्र राजनीति है और सपा ने इसे हमेशा संरक्षण दिया है, लेकिन भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक तरीके से काम कर रही है। यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष कमलेश यादव और छात्रसभा के जिलाध्यक्ष आशु यादव ने कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष को रोके जाने से सरकार की तानाशाही उजागर हुई है। इसके बाद सपा सांसद अक्षय यादव के साथ सपाई सुभाष चौराहा पर धरने पर बैठ गए हैं और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
उधर मैनपुरी में ईशन नदी के पुल पर भी सपाईयों ने जमकर नारेबाजी की। कासगंज में सपा नेताओं ने बिलराम गेट चौराहा पर जाम लगाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी। करीब 15 मिनट तक जाम लगा रहा। पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचने पर जाम खुल सका।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शामिल होने को लेकर सहमति नहीं दी थी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से वापस अपने आवास लौट गए। लखनऊ जिला प्रशासन ने प्रयागराज प्रशासन की सूचना पर अखिलेश यादव के चार्टर्ड प्लेन को लखनऊ से टेक ऑफ नहीं करने दिया था। लखनऊ एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के रोके जाने की सूचना पर विधानमंडल के बजट सत्र में भी आज जमकर हंगामा हुआ।