दयालबाग में पवित्र समाध के दर्शन को उमड़ रहे देसी-विदेशी श्रद्धालु
स्वामीजी महाराज की समाध को छह नवंबर को खोला गया था, शुक्रवार को सुबह 10 से शाम चार बजे तक 3.5 हजार श्रद्धालु पहुंचे
आगरा (जागरण संवाददाता): राधास्वामी मत के प्रवर्तक परम पुरुष पूरन धनी स्वामीजी महाराज की स्वामीबाग स्थित पवित्र समाध श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आस्था का केंद्र बन गई है। हर दिन बीतने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को यहां 3.5 हजार देसी-विदेशी श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस दौरान देसी विदेशी लोगों में समाध के दर्शन के लिए होड़ देखी गई। हर कोई पहले दर्शन को लालायित था।
स्वामीजी महाराज की पवित्र समाध इसी साल बनकर तैयार हुई है। यहां 31 अगस्त से छह सितंबर तक स्वामीजी महाराज के अवतरण के 200 वर्ष पूरे होने पर द्वि-शताब्दी समारोह मनाया गया था। इसमें देश-विदेश से आए करीब 30 हजार सत्संगी शामिल हुए थे। समाध के द्वार सभी लोगों के लिए छह नवंबर को खोल दिए थे। सुबह 10 से शाम चार बजे तक का समय समाध के दर्शन के लिए तय किया है। शुक्रवार को समाध के दर्शन को पहुंचे 3.5 हजार श्रद्धालुओं में 150 विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है। इसके चलते पर्यटकों के लिए समाध धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रही है। फिलहाल स्वामीबाग परिसर में गेट नंबर पांच से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है।
कब कितने आए पर्यटक
तिथि, पर्यटक
छह नवंबर, 1600
सात नवंबर, 2200
आठ नवंबर, प्रवेश निषिद्ध
नौ नवंबर, 3500
राधाबाग में हुआ सत्संग
राधाबाग स्थित बाबूजी महाराज की समाध पर शुक्रवार शाम विशेष सत्संग का आयोजन हुआ। शाम 4:30 से 5:15 बजे तक चले सत्संग में सैकड़ों सत्संगी शामिल हुए। गुरुवार को स्वामीबाग में बाबूजी महाराज का भंडारा हुआ था। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसमें शामिल होने आए सत्संगियों का लौटना शाम से शुरू हो गया।