बेटे के जन्म के कुछ ही घंटों बाद थम गईं रत्नदेई की सांसें, जानिये फिर क्या हुआ
मंगलवार को प्रसव के लिए हॉस्पीटल में भर्ती कराई गई थी प्रसूता। बेटे के जन्म के करीब सात घंटे बाद प्रसूता की हुई मृत्यु।
आगरा, जागरण संवाददाता: मथुरा हाईवे स्थित शोभित हॉस्पीटल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। आक्रोशित परिवार वालों ने हॉस्पीटल में तोडफ़ोड़ कर जमकर हंगामा काटा। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को शांत किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया। राजीनामा होने के बाद हॉस्पीटल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली।
मंगलवार को गांव अरहेरा बाटी निवासी सुंदर ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी रत्नदेई को प्रसव के लिए शोभित हॉस्पीटल में भर्ती कराया था। रत्नदेई ने रात आठ बजे लड़के को जन्म दिया था। परिवार में खुशी का माहौल था लेकिन देर रात तीन बजे सुंदर की पत्नी की मौत हो गई। रत्नदेई की मौत के बाद परिजनों ने अपना आक्रोश जाहिर करते हुए हॉस्पीटल में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। अस्पताल में काफी देर तक हंगामा होता रहा। हॉस्पीटल में भर्ती मरीजों में भी अफरा- तफरी मच गई। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसी तरह आक्रोशित लोगों को शांत किया। लोगों ने प्रयास कर पीडि़त सुंदर और हॉस्पीटल प्रशासन के बीच राजीनामा करा दिया। गुस्सा शांत होने के बाद हॉस्पीटल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।