खटारा वाहनों को नोटिस देने से नहीं बनी बात, अब चलेगा अभियान, जानिए कब
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं हट रहे सड़क से वाहन। 20 व 21 को अभियान चलाएगा परिवहन विभाग।
आगरा, जागरण संवाददाता। टीटीजेड के दायरे में आने के बाद ताजनगरी से 15 साल पुराने वाहन हटाने की कागजी कवायद फेल होती जा रही है। बार-बार नोटिस के बाद भी वाहन हट नहीं पा रहे हैं। अब सीधे कार्रवाई की तैयारी है।
पेट्रोल, डीजल से लेकर सीएनजी और एलजीपी के 15 साल पुराने चार पहिया व व्यावसायिक वाहनों को शहर से हटाने के लिए लंबे समय से नोटिस दी जा रही है। बीते पांच माह में ही करीब 47 हजार वाहनों को नोटिस दिए गए। इन वाहनों के लिए दो रास्ते दिए गए हैं, या तो वह सरेंडर करें या फिर यहां से एनओसी जारी कराकर दूसरे जिलों में ले जाएं। नोटिस जारी करने के बाद भी वाहन स्वामी नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अब इनके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। 20 व 21 दिसंबर को दो दिन का पूरे जिले में एक साथ सड़क पर अभियान चलेगा। 15 साल पुराना जो भी वाहन मिलेगा, वह जब्त कर लिया जाएगा। सरेंडर करने या फिर दूसरे जिले के लिए एनओसी लेने पर ही वाहन को मुक्त किया जाएगा। अभियान की परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। आरटीओ प्रवर्तन अनिल कुमार ने बताया कि नोटिस के बाद भी न चेतने पर अभियान चलाया जा रहा है।