यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
समरसता संगम को 41 हजार स्वयंसेवकों का हुआ पंजीकरण
जागरण संवाददाता, आगरा: 24 फरवरी को सुनारी में होने जा रहे समरसता संगम के लिए 41 हजार स्वयंसेवकों का पंजीकरण हो चुका है।

जागरण संवाददाता, आगरा: 24 फरवरी को सुनारी में होने जा रहे समरसता संगम के लिए 41 हजार स्वयंसेवकों का पंजीकरण हो गया है। इससे पूर्व 14 जनवरी को होने जा रहे भूमि पूजन और स्वयंसेवक एकत्रीकरण की तैयारियां अंतिम चरण में है।
शुक्रवार को गोविंद पुरी स्थित विश्व संवाद केंद्र पर संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख केशवदेव शर्मा और विभाग संघचालक हरीशंकर ने बताया कि समाज को एकजुट बनाने के लिए संघ इस तरह के आयोजन करता है। उन्होंने बताया कि 501 विस्तारक द्वारा कार्यक्रम की जानकारी घर-घर जाकर दी जा रही है और सहभागिता के लिए अनुरोध किया जा रहा है। 79 स्थानों पर कार्यालय बना पंजीकरण कराए जा रहे हैं। समरसता संगम के लिए वेबसाइट, फेसबुक पेज, यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है और युवाओं को जोड़ने का काम चल रहा है। आगरा महानगर के साथ ही विभाग में आने वाले सभी गांवों का प्रतिनिधित्व कार्यक्रम में हो सके इसके लिए शाखाओं का विस्तार कर पंजीकरण कराए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले सभी स्वयंसेवकों को गणवेश सुविधा से मिल सके इसके लिए 66 स्थानों पर उपलब्धता कराई गई है। 14 जनवरी के कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचारक आलोक का मार्गदर्शन मिलेगा। वहीं 24 फरवरी को होने वाले आयोजन में संघ प्रमुख मोहन भागवत का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी बांट दी गई हैं। इस दौरान डॉ. अनुराग शर्मा आदि मौजूद थे।
