आगरा, जागरण संवाददाता। दैनिक जागरण जन सरोकार को आगे बढ़ा रहा है। मार्ग दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे, इसके लिए सड़क सुरक्षा अभियान चला रहा है। नेशनल हाईवे और राज्यस्तरीय हाईवे में इंजीनियरिंग की कमियों को लेकर सवाल खड़े किए गए। ब्लैक स्पाट की जानकारी दी गई। संरक्षा के इंतजाम न होने की पड़ताल की गई। अब यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीएम नवनीत सिंह चहल से बात की गई। प्रस्तुत है बातचीत के अंश।
जिलाधिकारी से जागरण के 7 सवाल
1-प्रश्न : जिले में 71 ब्लैक स्पाट हैं। यह कब तक खत्म होंगे। इसके लिए क्या योजना तैयार की गई है, यह कब तक पूरी तरह से खत्म होंगे ?
उत्तर : नेशनल हाईवे-19, जयपुर हाईवे, ग्वालियर हाईवे सहित अन्य में जो भी ब्लैक स्पाट हैं। उनके आसपास संरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे। चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। रंबल स्ट्रिप्स बनेंगी। इससे ब्लैक स्पाट को खत्म किया जा सकेगा। यह कार्य शुरू हो गया है।
2-प्रश्न : सड़कों में अक्सर दुर्घटनाएं होने के बाद लोग घायल की मदद से बचते हैं। जागरुकता को लेकर क्या कदम उठाया जा रहा है?
उत्तर : कहीं पर भी कोई दुर्घटना होती है तो घायल की तुरंत मदद करनी चाहिए। लोगों से अपील है कि लोग किसी भी तरीके से घबराएं नहीं। घायलों की मदद करें। जल्द ही जगह-जगह इमरजेंसी नंबरों को भी अंकित कराया जाएगा।
3-प्रश्न : नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर संरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। सड़कों की इंजीनियरिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसे लेकर क्या कोई योजना है?
उत्तर : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य एजेंसियों से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। जिस विभाग की सड़क है। उसे अनिवार्य रूप से संरक्षा के इंतजाम करने होंगे। इंतजाम न होने पर संबंधित अधिकारियों को दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। सड़कों की इंजीनियरिंग में जो भी कमियां हैं, उनहें ठीक कराया जाएगा।
4-प्रश्न : वाहनों की ओवरलोडिंग बड़ी समस्या है। इससे सड़कें जल्द क्षतिग्रस्त हो जाती हैं?
उत्तर : परिवहन और यातायात पुलिस द्वारा जल्द ही संयुक्त अभियान शुरू किया जाएगा। ओवर लोड वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
5-प्रश्न : मेट्रो की खोदाई के चलते फतेहाबाद रोड पर कई जगहों पर गड्ढे हैं। रोड की मरम्मत का कार्य कौन कराएगा?
उत्तर : उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन की टीम फतेहाबाद रोड की मरम्मत कराएगी। इसके लिए आदेश जारी हो गए हैं।
6-प्रश्न : जाम की समस्या को खत्म करने के लिए क्या कदम उठाया जा रहा है, क्या कोई नया फ्लाईओवर बन रहा है?
उत्तर : मेट्रो प्रोजेक्ट का कार्य शहर के कई क्षेत्रों में चल रहा है। जरूरत के हिसाब से फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार होगा।
7-प्रश्न : शहर की सड़कों पर गड्ढे हैं। इन्हें कब तक भरा जाएगा?
उत्तर : नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एडीए के अधिकारियों को सड़कों के गड्ढे भरने के लिए कहा गया है। संबंधित एसडीएम और एसीएम से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।