कोहरे का कहर, कई जगह हुए सड़क हादसे, गई तीन की जान
फीरोजाबाद में मैक्स को बस और ट्रक ने मारी टक्कर। मथुरा में तीन युवकों की हादसे में मौत।
आगरा, जेएनएन। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर शुरू हो गया है। ब्रज मंडल में आगरा, मथुरा और फीरोजाबाद में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे कई जगहों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं। फीरोजाबाद के जसराना क्षेत्र नगला इमलिया रोड पर एक मैक्स को आगे से प्राइवेट बस और पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी। मैक्स में आगे बैठे तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। तीनों को जसराना के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया है। घायलाेें में मुजफ्फरनगर के कंबल वाली गली निवासी 50 वर्षीय सलीम अहमद पुत्र रफीक अहमद, 30 वर्षीय आस मोहम्मद पुत्र मंजूर, मुजफ्फरनगर के नजीमाबाद निवासी 40 वर्षीय अजीम पुत्र नईम हैं। आस मोहम्मद की हालत गंभीर है। वहीं दूसरी तरफ थाना नगला खंगर क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बलिया डिपो की रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं।
दूसरी तरफ मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में बुधवार की रात अज्ञात वाहन ने राधे कोल्ड स्टोरेज के पास बाइक सवारों को रौंदा। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कुलदीप पुत्र बेदराम उम्र 24 वर्ष निवासी नयागांव थाना रूपबास भरतपुर हाल निवासी शिवपुरी लक्ष्मीनगर थाना जमुनापार, सुनील पुत्र साजन सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी कृष्णापुरी थाना सदर सोनू पुत्र शंकरलाल उम्र 35 वर्ष निवासी जमुना बाग रोड श्यामसुंदर कॉलोनी थाना सदर रात 11:00 बजे राया की तरफ से एक ही बाइक पर सवार होकर मथुरा लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने राधे कोल्ड स्टोरेज के पास टक्कर मार दी। जिसमें सोनू व सुनील की मौके पर मौत हो गई। कलुआ को जिला अस्पताल भेजा, वहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। थाना जमुनापार की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवोंं को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने थाना जमुनापार में अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।