Agra Road Accident: आंखों के सामने तैर रहा मौत का मंजर, होश आने पर घायल बोला- कैसे घर ले जाएं अपनों के शव
Road Accident In Agraनींद से ही मौत के आगोश में चली गईं चार जिंदगी। चालक दीपक के अलावा सो रहे थे सभी लोग। हादसे में घायल हुए लोकेश ने बताया कि ऐसा लगा भूचाल आ गया है आंख खुली तो खुद को लाश के बराबर में बैठा पाया।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में शनिवार को फतेहपुर सीकरी के पास हादसा हुआ था। इस हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हुई थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान जाने के बाद परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद घायल हुए लोकेश के सामने मौत का मंजर आ जाता है तो वो फूट-फूटकर रोने लगता है।
लोकेश ने बताया घटना के बारे में
लोकेश ने बताया कि जीप को चालक दीपक को चला रहा था। मैं चालक के बराबर में बैठा था। मेरे बराबर खिड़की की ओर दूसरा चालक प्रवीन बैठे थे। सुबह करीब चार बजे हम दोनों की आंख लग गई। प्रवीन का सिर मेरे कंधे पर था। अचानक ऐसा लगा जैसे गाड़ी में भूचाल आ गया है। चीख-पुकार के बीच आंख खुली तो खुद को प्रवीन के शव के बराबर में बैठा पाया। यही नहीं समझ पा रहा था कि मुझे करना क्या है। कई मिनट बाद किसी तरह गले से चीख निकली। दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु का दृश्य लोकेश की अांखों के सामने तैर रहा था। परिवार के तीन लोगों को खोने की याद आते ही वह रोने लगते।
गहरी नींद में थे सभी लोग
लोकेश ने बताया कि उन समेत सभी 10 लोग गहरी नींद में आ गए थे। जीप को चालक दीपक चला रहा था। उसने प्रवीन से कहा था कि आगरा पहुंचने के बाद वह आराम करेगा। शहर में लोगों को गाड़ी से घुमाने की जिम्मेदारी प्रवीन पर थी। नैनाराम ने बताया कि पिता पैमाराम के अलावा हेमराज और तारा तीनों लोग चालक सीट के पीछे बैठे थे। आगरा पहुंचने से पहले इन सभी को नींद आ गई थी। चालक समेत चारों लोग नींद से ही मौत के आगोश में चले गए।
ये भी पढ़ें...
Agra Road Accident: जयपुर हाईवे पर भीषणा हादसा, ट्रक ने जीप में मारी टक्कर, चार पर्यटकों की मौत
अपनों के शव कैसे ले जाएंगे गांव
नैनाराम और उनके भाई जगदीश बुरी तरह से बिलख रहे थे। परिवार के कुछ लोग गांव में रूक गए थे। शनिवार की सुबह नैनाराम को आगरा पहुंचने पर उन्हें फोन करके यहां आने की जानकारी देनी थी। दोनों भाइयाें रो रहे थे कि वह गांव में अपनों के बीच तीनों लोगों के शव लेकर कैसे जाएंगे।
ट्रक चालक को आ गई थी झपकी
जिस तरह से जीप को ट्रक ने चपेट में अनुमान है कि उसके चालक को झपकी आ गई होगी। घायलों लक्ष्मण और नैनाराम ने बताया कि पीछे आ रहा ट्रक सड़क पर बुरी तरह से लहराया था। जिसके बाद ओवरटेक करने के दौरान उसने जीप को चपेट में ले लिया। जिससे अनुमान है कि ट्रक चालक को झपकी लग गई होगी।