Unlock 1: कोरोना काल में प्रभावित हुए किसान और गरीबों की आवाज उठाएगा रालोद
वेबीनॉर के जरिए रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने आगरा जनपद के पदाधिकारियों को दिए निर्देश।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण काल के दौरान देशव्यापी लॉकडाउन में प्रभावित किसान, गरीब और अप्रवासी मजदूरों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल आवाज बुलंद करेगा। यह फैसला राष्ट्रीय लोकदल ब्रज क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, प्रमुख पदाधिकारियों व नेताओं की वेबीनॉर के बीच राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंंत चौधरी ने लिया। रालोद उपाध्यक्ष श्री जयंत चौधरी ने सबसे पहले कार्यकर्ताओं की कुशल क्षेम पूछी और जिले वाइज क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में जयंत चौधरी से कहा कि लॉकडाउन में सबसे ज्यादा नुकसान किसान, गांव, गरीब और मजदूर को हुआ है और छोटे व्यापारी भी पूरी तरह प्रभावित हुए हैं।
रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि इन लोगों के सामने रोजी रोटी का सवाल है इसलिए इन वर्गों को शीघ्र ही आर्थिक सहायता दिए जाने की जरूरत है। किसान, मजदूर व छोटा व्यापारी बिजली का बिल तक भरने की स्थिति में नहीं है। किसानों की तो गेहूं और सरसों की फसल की भी खरीदारी नहीं की गई है और यहां तक कि शहर में फल फूल सब्जी और दूध पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण ग्रामीण क्षेत्र का किसान मजदूर बुरी तरह प्रभावित हुआ है इसलिए इस वर्ग को शीघ्र ही सहायता दिए जाने की ज़रूरत है।
रालोद कार्यकर्ताओं ने और भी अन्य जनसमस्याओं से जयंत चौधरी को अवगत कराया। समस्याओं को जानने के बाद जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का 20 लाख करोड़ का पैकेज खोखला है। इसमें गांव, गरीब, किसान व मजदूर के लिए कुछ भी नहीं है। अगर ईमानदारी और दिल से प्रधानमंत्री गांव, गरीब, किसान ,मजदूर व छोटे व्यापारियों की मदद करते तो आर्थिक पैकेज में इनके लिए कुछ घोषणा भी होती लेकिन 20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज बड़े व्यापारी वर्ग को सहूलियत देने के अलावा कुछ भी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता के सामने बड़ा झूठ बोला है।
वेबनार में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसान का संपूर्ण कर्जा माफी होना चाहिए। बिजली के बिल माफ होने चाहिए। छोटे व्यापारियों को फौरी आर्थिक मदद दी जानी चाहिए। मजदूरों को उनके खाते में साढे सात हजार रुपए सरकार को डालने चाहिए और किसान को नया केसीसी तुरंत जारी करना चाहिए, तभी देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा सकता है। जयंत चौधरी ने इसके लिए कार्यकर्ता को जनपदवार समस्याओं का ज्ञापन तैयार कर सक्षम अधिकारियों को प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए जनता के बीच में जाकर सरकार की धोखाधड़ी के कारनामों को उजागर करें।
जयंत चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य व सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कार्यकर्ता आंदोलन करें और जनता को भी मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंस का पालन किए जाने के बारे में जागरूक करें। वेबिनार मैं रालोद ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिह चाहर, जिला अध्यक्ष मालती चौधरी, युवा रालोद जिलाध्यक्ष केशव चाहर, आइटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुखवीर फौजदार, महेन्द्र सिंह फौजदार आदि थे।