बसपा सुप्रीमो माया ने दिल्ली तलब किए पदाधिकारी, होगी आगरा व सीकरी की समीक्षा
जिलाध्यक्ष व मंडल जोन इंचार्ज संग करेंगी बैठक। प्रत्याशी भी बताएंगे क्यों हारे लोकसभा चुनाव।
आगरा, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव में आगरा और फतेहपुर सीकरी सीटें हारने के बाद बसपा अब इसकी समीक्षा करेगी। तीन जून को पार्टी प्रमुख मायावती ने दिल्ली में इसके लिए बैठक बुलाई है। यहां हार के कारणों की समीक्षा के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों की सक्रियता और निष्क्रियता पर भी चर्चा होगी। संगठन में फेरबदल की भी आशंका जताई जा रही है।
आगरा और फतेहपुर सीकरी दोनों लोकसभा सीटें सपा और रालोद से गठबंधन के बाद भी बसपा हार गई। इस बार आगरा में जरूर बीते चुनावों से कहीं अधिक वोट मिला, लेकिन 2009 में फतेहपुर सीकरी जीतने वाली बसपा इस चुनाव में सीकरी में जमानत भी नहीं बचा सकी। अब हार के कारणों की समीक्षा खुद बसपा प्रमुख करेंगी। जिले से जिलाध्यक्ष के अलावा सभी मंडल जोन इंचार्ज और दोनों प्रत्याशियों को बुलाया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशी यहां बताएंगे कि किन कारणों से वह चुनाव में पीछे रहे। किन नेताओं ने मदद नहीं की और किसने की। फिलहाल इस बैठक में जिला स्तरीय संगठन में फेरबदल की आशंका भी जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि चुनाव से पहले ही संगठन में फेरबदल किया गया था, फिर से फेरबदल करने की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप