Temples Unlock: मंदिरों में अब जल्द ही गूंजने लगेंगे घंटे और घडि़याल, मस्जिदों में अदा होगी नमाज
Temples Unlock डीएम आगरा का कहना 21 सितंबर के बाद खोल दिए जाएंगे धार्मिक स्थल। जनता से की अपील घर से बिना मास्क के न निकलें और दो फीट की दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करें।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोराेना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। इस बीच जब प्रदेश में सब कुछ अनलॉक हो चुका है तो धार्मिक स्थलों पर पड़ा ताला भी खुलने जा रहा है। आगरा प्रशासन ने इस बात के संकेत दे दिए हैं कि 21 सितंबर के बाद धार्मिक स्थलों को खोल दिया जाएगा। अब मंदिरों में घंटेेेे-घडि़याल की ध्वनि सुनाई देने लगेगी और मस्जिदों में नमाज। डीएम प्रभु एन सिंह ने जनता से अपील की है कि संक्रमण बढ़ने के चलते घर से बिना मास्क के न निकलें और अनिवार्य रूप से दो फीट की दूरी का पालन करें। इससे खुद और अपने परिवार को संक्रमण से बचा सकते हैं। डीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल के पालन पर जोर दिया है।
उधर, डीएम के आदेश पर एडीएम प्रोटोकॉल पुष्पराज सिंह और एसपी ट्रैफिक प्रशांत कुमार ने लोहामंडी बाजार में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। दो दर्जन के करीब दुकानों की जांच की गई। सभी दुकानदार मास्क पहने हुए थे, जबकि 31 ग्राहक बिना मास्क के थे। ऐसे लाेगों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। टीम को देख कई दुकानदारों ने मास्क पहन लिया। तीन ठेल विक्रेता भाग खड़े हुए। वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व योगेंद्र कुमार और एसपी प्रोटोकॉल डॉ. एमपी सिंह ने सदर बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। दोपहर 12 से दो बजे तक चले अभियान में डेढ़ दर्जन दुकानों की जांच की गई। सभी दुकानदार मास्क पहने हुए मिले। छह ग्राहक बिना मास्क के मिले। इनपर जुर्माना लगाया गया।
पांच दिनों में चार फीसद हुई पॉजिटिविटी रेट
जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। हर दिन 70 से अधिक मरीज सामने आ रहे हैं। इसके चलते पांच दिनों में पॉजिटिविटी रेट में जबरदस्त इजाफा हुआ है। बुधवार को यह चार फीसद पर पहुंच गया। जिले में सबसे अधिक पॉजिटिविटी रेट अप्रैल में 9.3 फीसद और मई में 4.99 फीसद था।
पॉजिटिविटी रेट एक नजर में
माह, पॉजिटिविटी रेट फीसद में
- मार्च, 1.52
- अप्रैल, 9.3
- मई, 4.99
- जून,3.59
- जुलाई, 2.06
- अगस्त, 1.64
- चार सितंबर तक, 3.4
- पांच से नौ सितंबर तक, 4
77.02 फीसद पर पहुंचा क्योर रेट
जिले का क्योर रेट गुरुवार 77.02 फीसद था, जबकि बुधवार को यह 76.92 फीसद रहा।
सरकारी कार्यालयों में कम से कम बुलाए जाएं कर्मचारी
प्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि सभी विभागाध्यक्षों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलक्ट्रेट की तर्ज पर तीन शिफ्ट में कर्मचारियों को बुलाया जाए। बिना मास्क के कर्मचारी न आएं। दो फीट की दूरी का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कार्यालय परिसर में बिना मास्क के घूमने वाले लोगों / कर्मचारी पर कार्रवाई की जाए।
21 के बाद खुलेंगे धार्मिक स्थल
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि फिलहाल धार्मिक स्थलों को नहीं खोला जाएगा। 21 सितंबर के बाद ही धार्मिक स्थल खुलेंगे। लेकिन लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा और मास्क के साथ धार्मिक स्थलों में प्रवेश करना होगा।