Reality of ODF: कछुआ चाल से कैसे होगा पूरा PM Modi का सपना, ताजनगरी न रह जाए फिसड्डी
Reality of ODF 15 सितंबर तक सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने का लक्ष्य है। इसमें सबसे आगे फिरोजाबाद है।
आगरा, जागरण संवाददाता। मंडल में सबसे अधिक ग्राम पंचायतों वाला आगरा सार्वजनिक शौचालय निर्माण में सबसे पीछे है। हाल ही में मंडलस्तर पर तैयार कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आगरा की 695 ग्राम पंचायतों में से सिर्फ 238 ग्राम पंचायतों में ही सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जबकि शासन के निर्देश के अनुसार, 15 सितंबर तक सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने का लक्ष्य है। इसमें सबसे आगे फिरोजाबाद है। यहां 569 ग्राम पंचायतों में से 271 ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिरोजाबाद जिले में दो सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका है। हालांकि इसमें सबसे आगे मथुरा जिला है। यहां तीन सार्वजिनक शौचालय बनकर तैयार हैं। आगरा में अब तक सिर्फ एक का ही काम पूरा हो सका है। शासन की इस प्राथमिकता वाली योजना को भी स्थानीय स्तर पर गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले की 76 ग्राम पंचायतों में अब तक जमीन तक चिह्नित नहीं हो सकी है। फिरोजाबाद की 77 ग्राम पंचायत और मथुरा की 11 ग्राम पंचायतों में अभी भी योजना के लिए जमीन की तलाश है। इसमें सबसे अव्वल मैनपुरी जिला है। यहां की सभी 552 ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है।
पीएम करेंगे पुरस्कृत
15 जून से 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर सामुदायिक शौचालय का निर्माण करवाया जा रहा है। अभियान की अवधि की समाप्ति के बाद अच्छे जनपदों को दो अक्टूबर को प्रधानमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। सभी जिलों को 15 सितंबर तक अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को सार्वजनिक शौचालय से संतृप्त करना होगा।
ये है फैक्ट
2332 ग्राम पंचायतें हैं मंडलभर में
2167 ग्राम पंचायतों में जमीन चिह्नित
1028 ग्राम पंचायतों में चल रहा काम
1303 में शुरू नहीं हो सका है कार्य
06 सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पूरा
मंडल का हाल
- आगरा में 238 ग्राम पंचायतों में चल रहा काम। एक सार्वजनिक शौचालय बनकर तैयार।
- फिरोजाबाद में 271 ग्राम पंचायतों में चल रहा काम। दो सार्वजनिक शौचालय बनकर तैयार।
- मथुरा में 252 ग्राम पंचायतों में चल रहा काम। तीन सार्वजनिक शौचालय बनकर तैयार।
- मैनपुरी में 267 ग्राम पंचायतों में चल रहा है काम। एक भी सार्वजनिक शौचालय का काम पूरा नहीं।
जिला कुल ग्राम पंचायतें चिह्नित स्थलों की संख्या
आगरा 695 619
फिरोजाबाद 569 492
मथुरा 515 504
मैनपुरी 552 552
आगरा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण का काम शुरू करा दिया गया है। जहां अब तक जमीन चिह्नित नहीं हो पाई हैं, उन्हें सात दिन का समय दिया गया है।
- जे. रीभा, मुख्य विकास अधिकारी