सीमा पर चुने अपने सांसद, लिफाफे में पहुंचने लगा जनादेश
अब तक कासगंज जिले में आ चुके हैं करीब 2000 पोस्टल बैलेट। 23 को होगी मतगणना मंडी समिति में है सख्त पहरेदारी।
आगरा, जेएनएन। 23 अप्रैल को मतदान के बाद ईवीएम में बंद हुए जनादेश की गिनती की तैयारी शुरू हो गई है। ड्यूटी के चलते मतदान केंद्रों पर न पहुंच सके सैनिक एवं अन्य कर्मिकों में भी वोटिंग का जज्बा दिखाई दे रहा है। ऑन ड्यूटी भी उन्होंने मतदान को लेकर उत्साह दिखाया है जो पोस्टल बैलेट के रूप में नजर आ रहा है। सीमा एवं अन्य जिलों से पोस्टल बैलेट जिले में पहुंचने लगे हैं।
कासगंज जिला प्रशासन ने इस बार ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए खासे प्रयास किए। सरहद पर ड्यूटी करने वाले जवान हों या फिर अन्य कर्मचारी। उन्हें पोस्टल बैलेट के लिए प्रेरित किया। जिला प्रशासन के इन प्रयासों का असर भी दिखाई दे रहा है। सरहद से बड़ी संख्या में पोस्टल बैलेट के रूप में मतदान किया गया है। अब तक जिले में दो हजार के करीब पोस्टल बैलेट भी पहुंच गए हैं। मतगणना तक इनकी संख्या और बढ़ जाएगी। इधर प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना कर्मिकों को ड्यूटी पत्र जारी कर दिए हैं। जिन्हें इसी सप्ताह में प्रशिक्षण देने की तैयारी है।
23 की सुबह तक स्वीकार होंगे पोस्टल बैलेट
प्रशासन द्वारा 23 मई की सुबह तक पोस्टल बैलेट स्वीकार किए जाएंगे। मतगणना आठ बजे से शुरू होगी। 7.59 बजे तक आने वाले पोस्टल बैलेट स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए डाक विभाग भी मुस्तैद रहेगा। 22 मई की शाम तक जो भी पोस्टल बैलेट डाक से मिलेंगे, उन्हें रात में ही प्रशासन को सौंपा जाएगा।
जल्द दिया जाएगा प्रशिक्षण
मतगणना की तैयारियां पूर्ण हैं। जल्द कर्मिकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। पोस्टल बैलेट भी प्राप्त होना शुरू हो गए हैं।
-योगेंद्र कुमार
अपर जिलाधिकारी
कासगंज
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप