चूहों ने चुनाव की तैयारी में डाला खलल, जानिए क्या खड़ी हुई मुश्किल
मंडी समिति में नौ विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। शुक्रवार को जैसे ही रूम का दरवाजा खोला तो चूहों की फौज दौड़ पड़ी।
आगरा, जागरण संवाददाता। मंडी समिति, फीरोजाबाद रोड पर चूहों का आतंक है। शुक्रवार को चूहों ने चुनाव की तैयारी में खलल डाल दिया। इसके चलते ईवीएम पर पेपर सेटिंग का कार्य देरी से चालू हुआ। किसी तरीके से चूहों के बिल को बंद किया गया। तब जाकर काम शुरू हो सका। मंडी समिति में नौ विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। 17 अप्रैल को मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। यहीं पर ईवीएम जमा होंगी। शुक्रवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम पर बैलेट पेपर की सेटिंग का काम शुरू हुआ। आगरा कैंट, उत्तर के कर्मचारियों ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला। बड़ी संख्या में चूहे बाहर निकल आए। वहीं आधा दर्जन चूहों मरे हुए पड़े थे। बदबू के चलते कर्मचारियों को सांस लेना मुश्किल हो रहा था। जिसके चलते ईवीएम पर बैलेट पेपर की सेटिंग का काम रोकना पड़ा। कर्मचारी कमरे में जाने के लिए तैयार नहीं हुए। दोपहर में काम चालू हुआ। वहीं शाम चार बजे डीएम एनजी रवि कुमार ने मंडी समिति का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को ईवीएम पर बैलेट पेपर की सेटिंग का तरीका सिखाया। साथ ही एक भी पेज को यहां-वहां न फेंकने के आदेश दिए। इस दौरान सीडीओ रविंद्र कुमार सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।
धूप में नहीं रखें वीवी पैट
सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वीवी पैट को तेज धूप में न रखा जाए।
शौचालय की नहीं की गई व्यवस्था
मंडी समिति में एक हजार कर्मचारी चुनावी ड्यूटी कर रहे हैं। शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगाए गए पानी के टैंकर
मंडी समिति में शुक्रवार को जल संस्थान के अफसरों को फोन कर पानी के दो टैंकर मंगाए गए।
प्रत्याशी की फोटो देख दे सकेंगे वोट
अनपढ़ वोटरों के लिए यह लोकसभा चुनाव सहूलियत लेकर आ रहा है। प्रत्याशी की फोटो देखकर वोट दे सकेंगे।ईवीएम में अभी तक प्रत्याशी का नाम, चुनाव चिन्ह और सीरियल नंबर होता था, लेकिन अब प्रत्येक प्रत्याशी की फोटो भी होगी। यह पहला मौका है जब किसी भी चुनाव में प्रत्याशी की फोटो बैलेट पेपर पर होगी। इससे वोटर आसानी से मतदान कर सकेंगे। वहीं वीवी पैट से सात सेकेंड तक जो पर्ची दिखाई देगी। उसमें प्रत्याशी का फोटो प्रिंट नहीं होगा।