Ram Navami: मंदिरों में हो रही अष्टमी और नवमी की पूजा, कल नवमी की पूजा का ये रहेगा समय
आगरा में मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है। हालांकि तिथि को लेकर भ्रम की स्थिति है। कोई अष्टमी की पूजा कर रहा है और कोई नवमी का पूजन। कोरोना वायरस संक्रमण काल के चलते मंदिरों में बाहर से ही कराए जा रहे हैं देवी जी की दर्शन।
आगरा, जागरण संवाददाता। शारदीय नवरात्र में मंदिरों से लेकर घरों तक माता के जयकारे गूंज रहे हैं। मंदिरों के कपाट भले ही बंद हों, लेकिन श्रद्धालु मंदिर के बाहर से ही दर्शन कर मंदिर की चौखट पर शीश नवा रहे हैं। नवरात्र में शनिवार को अष्टमी और नवमी पूजन किया गया।
कोरोना काल में शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित है। मंदिरों में श्रद्धालुओं को बाहर से ही माता के दर्शन कराए जा रहे हैं। उपासक ही विधि-विधानपूर्वक माता की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसके चलते श्रद्धालुओं द्वारा घरों में रहकर ही माता का पूजन किया जा रहा है। सुबह हवन और शाम को भजन हो रहे हैं। शनिवार को आदिशक्ति के आठवें स्वरूप महागौरी और नवें स्वरूप सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। शहर में जो देवी मंदिर खुले हैं, उनमें पूजन को महिलाओं की लाइन लगीं। धाकरान, नालबंद, नागरी प्रचारिणी देवी मंदिरों पर भीड़ रही। चामुंडा देवी मंदिर राजा मंडी में भी श्रद्धालु पहुंचे। घरों में पूजन कर कन्या-लांगुरा भी जिमाए गए। श्रद्धालुओं ने मंदिरों पर प्रसाद भी बांटा गया।
उदया तिथि के अनुसार अष्टमी आज
ज्योतिषाचार्य पं. चंद्रेश कौशिक के अनुसार शुक्रवार सुबह 6:57 बजे तक सप्तमी रही और उसके बाद अष्टमी लग गई। शनिवार सुबह 6:58 बजे तक अष्टमी रही और 6:59 बजे से नवमी लग गई। रविवार सुबह 7:41 बजे तक नवमी रहेगी। उदया तिथि के अनुसार शनिवार को अष्टमी और रविवार को नवमी मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य हरीशंकर पाराशर के अनुसार काशी विश्व पंचांग के अनुसार शनिवार को महाअष्टमी और रविवार को महानवमी पूजन होगा। दशहरा रविवार सुबह 11 बजे लगेगा। दुर्गा विसर्जन सोमवार को होगा। निर्णय सागर और ब्रज भूमि पंचांग के अनुसार शुक्रवार को महाअष्टमी पूजन और शनिवार को महानवमी पूजन होगा। दशहरा रविवार को मनाया जाएगा।