आंवलखेड़ा में बोले राजनाथ, कांग्रेस मुक्त भारत ही बनेगा गरीबी मुक्त देश
आगरा सुरक्षित सीट से भाजपा प्रतयाशी प्रो एसपी सिंह बघेल के समर्थन में गृहमंत्री ने की जनसभा।
आगरा, जागरण संवाददाता। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आंवलखेड़ा में कहा बेमेल है गठबंधन। लोग कहते हैं गठबंधन की सरकार बनी तो चलेगी कैसे मैं कहता हूं सरकार बनेगी कैसे। बसपा के साथ आने वालों को हर्ष क्या होता है यह हमने झेला है। सपा ने बसपा के साथ सरकार बनाई जनता ने हमें 15 साल सरकार से दूर रखा। सपा का इससे भी बुरा हर्ष होना है। जनता उसे वोट देती है जिस पर उसे विश्वास होता है इन दोनों दलों से जनता का विश्वास उठ चुका है।
आंवलखेड़ा में आगरा सुरक्षित सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रो एसपी सिंह बघेल के समर्थन में जनसभा करने के लिए गृहमंत्री पहुंचे थे। राजनाथ सिंह सभा में न सिर्फ गठबंधन पर बल्कि कांग्रेस पर भी जमकर बरसे। कहा कि दो वर्ष पहले सपा कांग्रेस के साथ गल बयां कर रही थी। पीएम नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए पूरा विपक्ष एक हो रहा है। नकारात्मक सोच रखने वालों को कभी सकारात्मक परिणाम नहीं मिल सकता। दूसरे देशों के लिए भारत गरीब और कमजोर था लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों की धारणा बदल दी। आज हम सर्वाधिक तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। प्रधानमंत्री नेहरू से लेकर राहुल गांधी सहित पूरा परिवार गरीबी खत्म करने की बात कहता है लेकिन मैं कहता हूं जब भारत कांग्रेस मुक्त होगा तो गरीबी मुक्त खुद हो जाएगा। कांग्रेस अपने घोषणापत्र में कहती है कि हमारी सरकार बनी तो देशद्रोह का कानून समाप्त कर देंगे। पुलवामा की घटना के बाद भारत के स्टैंड से पाकिस्तान परेशान होता है तो ठीक लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल परेशान होते हैं। सेना के जवानों पर सवाल खड़ा किया जाता है। विपक्ष पर जुबानी तीर छोड़ने के साथ ही राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी निगाया। कहा कि मोदी का करिश्माई नेतृत्व है । भारत को गरीब लोगों का देश कहा जाता था । लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था आज तेजी से आगे बढ़ रही है। अगर भारत इसी तरह से आगे बढ़ा तो भारत 2030 तक टाप थ्री देशों में शामिल हो जायेगा। उन्होंने कहा कि 55 साल कांग्रेस की सरकार रही लेकिन 55 महिनो में ही मोदी सरकार ने लोगों के खाते खुलवाए। मोदी सरकार ने 13 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन दिया। मोदी सरकार ने 1 लाख 16 हजार गांव में आप्तिकल फाइबर लगाकर इंटर नेट पहुंचाया। रोजगार के अवसर सृजित हुये। आजाद भारत के इतिहास में रोजगार के इतने अवसर विकसित नहीं हुए थे। आठ करोड़ नौजवानो ने रोजगार के लिये लोन लिया है।