कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर बोले, हनुमानजी पर बयानबाजी वाहियातपना
आगरा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि हनुमानजी पर बयानबाजी वाहियातपना है। भाजपा के लोग इसे उछाल रहे हैं। इनकी लंका जलने वाली है।
आगरा, जागरण संवाददाता। रविवार को आगरा आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि हनुमानजी पर बयानबाजी वाहियातपना है। भाजपा के लोग इसे उछाल रहे हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद भी इन्हें अक्ल नहीं आयी है। तीन प्रदेशों में हनुमानजी की पूंछ ने ऐसा हाल किया है कि लुढ़ककर नीचे आ गए हैं। इनकी लंका जलने वाली है।
जागरण संवाददाता से हुई बातचीत में राजबब्बर ने लोकसभा चुनाव में चल रही गठबंधन की राजनीति पर कुछ भी बोलने से इंकार किया। सपा- बसपा और रालोद के गठबंधन पर बोले कि अभी स्तिथि स्पष्ट नहीं। किसी का बयान नहीं आया है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व इस पर फैसला करेगा। फतेहपुर सीकरी से चुनाव लडऩे की संभावना पर कहा कि मेरे पास कोई और क्षेत्र नहीं है। यहीं पैदा हुआ और बड़ा हुआ। पार्टी नेतृत्व कहता है तो यहां से चुनाव जरूर लड़ूंगा। राज बब्बर ने लालऊ में छात्रा संजली के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने हत्या की सीबीआइ जांच और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग सरकार से की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने संजली के परिजनों से संवेदना से मिलने और सीबीआइ जांच की मांग उठाने को कहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस पर भरोसा नहीं इसलिये मामले की जांच उच्च स्तरीय होनी चाहिए।