Agra Weather Update: काली घटाओं संग हुई ताजनगरी में बारिश, अब कोहरा कर सकता है परेशान Agra News
पश्चिमी विक्षोभ से बुधवार सुबह बूंदाबांदी और शाम को हुई बारिश। सामान्य से चार डिग्री नीचे पहुंचा तापमान 2.7 एमएम हुई बारिश।
आगरा, जागरण संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ से बुधवार को साल की पहली बारिश हुई। बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरूआत हुई, शाम को 45 मिनट तक बारिश हुई। दिन भर बादल छाए रहने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री का अंतर रह गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को कोहरा छाया रहेगा।
पश्चिम विक्षोभ और धूप निकलने से बारिश के लिए तैयार हुए बादलों से सुबह बूंदाबांदी हुई, सात बजे बूंदाबांदी बंद हो गई। मगर, बादल छाए रहे, कुछ दिन के लिए धूप निकली लेकिन बादलों में सूरज छिप गया। दिन भर बादल छाए रहे, शाम पांच बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। साढ़े पांच बजे से कमला नगर, दयालबाग, न्यू आगरा, सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, मदिया कटरा, एमजी रोड सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में 30 से 45 मिनट तक बारिश हुई। बारिश से गलन बढ़ गई और रात में गलन भरी सर्दी पड़ी। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 13 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18 डिग्री दर्ज किया गया। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री का अंतर रह गया। वहीं, शाम सात बजे तक 2.7 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई साल बाद जनवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश
पिछले कई सालों में जनवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश नहीं हुई है। अधिकतम तापमान 20 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री तक रहा है। मगर, इस बार जनवरी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही बारिश भी हो रही है।
12 से 14 जनवरी तक हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि नौ से 11 जनवरी तक कोहरा छाएगा, इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और छह डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री के बीच रहने की आशंका है। 12 से 14 जनवरी तक बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहने की आशंका है।
पिछले तीन सालों में तापमान
आठ जनवरी 2020
अधिकतम - 18
न्यूनतम - 13
बारिश - 2.7 एमएम
आठ जनवरी 2019
अधिकतम 20
न्यूनतम 07
आठ जनवरी 2018
अधिकतम 20
न्यूनतम - 06